सगे चाचा ने सोते हुए भतीजों पर कुल्हाड़ी से किया हमला, जौनपुर में घर की दीवार विवाद को लेकर खूनी खेल!

यूपी तक

• 06:58 PM • 12 Jul 2026

Jaunpur Crime: जौनपुर के बरसठी थाना क्षेत्र में मामूली जमीन और दीवार के विवाद को लेकर एक सगे चाचा ने अपने ही दो भतीजों पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया. दोनों गंभीर रूप से घायल हैं और वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में उनका इलाज चल रहा है.

Google CTA

Jaunpur Crime: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है. यहाँ बरसठी थाना क्षेत्र के बारी गांव हनुमान नगर में मामूली जमीन और दीवार के विवाद को लेकर एक सगे चाचा ने अपने ही दो सोते हुए भतीजों पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. दोनों घायल भाइयों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वे अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

यह भी देखें...

सोते हुए भतीजों पर खूनी हमला

यह सनसनीखेज घटना रविवार की सुबह करीब 3 बजे हुई, जब पूरा गांव गहरी नींद में सोया हुआ था. बारी गांव हनुमान नगर में रहने वाले दो सगे भाई, 25 वर्षीय राज सिंह और 22 वर्षीय उदय सिंह, अपने दो मंजिला मकान की छत पर सो रहे थे. तभी रात के अंधेरे में उन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए गए. इस जानलेवा हमले में बड़े भाई राज सिंह के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि छोटे भाई उदय सिंह के पैर पर कुल्हाड़ी से कई वार किए गए हैं. घटना के बाद परिजनों ने दोनों लहूलुहान भाइयों को तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहाँ से डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया.

दीवार के मामूली विवाद में रंजिश

पीड़तों के परिजनों ने इस वारदात का सीधा आरोप सगे चाचा सुभाष सिंह पर लगाया है. यह परिवार मूल रूप से शाहपुर पुरसवा का रहने वाला है, लेकिन पिछले 40 सालों से बारी गांव हनुमान नगर में रह रहा है. रिटायर्ड प्रिंसिपल लाल बहादुर सिंह के दो बेटे हैं, सुभाष सिंह और आनंद सिंह. दोनों घायल भाई आनंद सिंह के बेटे हैं और सड़क किनारे बने मकान के नीचे कपड़े की दुकान चलाते हैं. पिछले कुछ दिनों से मकान में दीवार बनाने को लेकर विवाद चल रहा था. दादा लाल बहादुर सिंह ने दीवार न बनाने और स्थिति को वैसा ही रखने को कहा था. इस बात से नाराज होकर आरोपी चाचा सुभाष सिंह ने सोते हुए भतीजों पर हमला कर दिया और वारदात के बाद कानपुर भाग गया.

आरोपी फरार, पुलिस बल तैनात

इस खूनी वारदात के बाद पूरे गांव में भारी तनाव का माहौल बना हुआ है. घटना की सूचना मिलते ही बरसठी थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई और मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला. किसी भी तरह के दोबारा टकराव या अप्रिय घटना को रोकने के लिए पीड़ित परिवार के मकान पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस ने पीड़ितों से मिली तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश के साथ कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा रहा है.