Ghaziabad News: गाजियाबाद के लोनी इलाके में भारी बारिश के बीच सड़क पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिलने से हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण नालों में पानी का तेज बहाव था, जिसके चलते शव बहकर सड़क तक आ गया. शव को देखकर मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
ADVERTISEMENT
पुलिस के मुताबिक, मृतक के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं, इसलिए अभी तक मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है. आसपास मौजूद लोगों से मृतक की पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन कोई भी उसकी पहचान नहीं कर पाया. पुलिस ने पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है और अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी.
इस घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं. हालांकि, घटना से जुड़ा पूरा वीडियो नहीं दिखाया गया क्योंकि दृश्य काफी विचलित करने वाला है. पुलिस का कहना है कि भारी बारिश के दौरान नाले में तेज बहाव के कारण शव बहकर सड़क तक पहुंचा हो सकता है. फिलहाल मृतक की पहचान, मौत की वजह और पूरे मामले की सच्चाई जानने के लिए जांच जारी है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT










