Ghaziabad Crime: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है. यहाँ नंदग्राम थाना क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन में एक निर्माणाधीन मॉल से सात साल की मासूम बच्ची का शव बरामद हुआ है. बच्ची के परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि बच्ची के साथ पहले दरिंदों ने दुष्कर्म किया और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में भारी आक्रोश है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन कार्रवाई की और दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
खाने-पीने का दिया था लालच
बच्ची के माता-पिता उसी निर्माणाधीन मॉल में मजदूरी का काम करते हैं और वे मॉल की साइट के पास ही रहते हैं. परिवार वालों ने बताया कि शाम के समय बच्ची अचानक लापता हो गई थी, जिसके बाद उसकी काफी तलाश की गई लेकिन वह कहीं नहीं मिली. मां का आरोप है कि जब वह खाना बनाने में लगी थीं, तब आरोपी लड़का उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया था. बच्ची को कुरकुरे, चिप्स, समोसा, बर्गर और कोल्ड ड्रिंक का लालच देकर निर्माणाधीन मॉल के अंदर ले जाया गया था.
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
10 और 11 जुलाई की रात करीब 1 बजे डायल 112 को सूचना मिली कि मॉल में बच्ची का शव पड़ा हुआ है. परिजनों का आरोप है कि मॉल के अंदर बच्ची के साथ गलत काम किया गया और फिर उसे छत से नीचे बेसमेंट में फेंक दिया गया. मां के मुताबिक, बच्ची का शव खून से लथपथ हालत में मिला था, उसके कपड़े बिखरे हुए थे, सिर फटा हुआ था और पैर भी टूटा हुआ था. इस खौफनाक वारदात के बाद से पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है.
दो मुख्य आरोपी हुए गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही नंदग्राम थाने की पुलिस, फॉरेंसिक (FSL) टीम और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची. एसीपी नंदग्राम ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी करा ली है. परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण, दुष्कर्म, हत्या और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज की है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें से एक बालिग और दूसरा नाबालिग है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ADVERTISEMENT










