उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से पुलिसकर्मी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में एक सब इंस्पेक्टर (SI) रैंक के अधिकारी समाधान दिवस की बैठक के दौरान मोबाइल पर वीडियो देखते हुए नजर आ रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि पुलिसकर्मी ने अपनी टोपी के अंदर मोबाइल रखकर उसमें वीडियो चला रखा था और कान में ईयरफोन लगाकर उसे देख रहे थे.
ADVERTISEMENT
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने पुलिसकर्मी के रवैये पर सवाल उठाए. मामले की जानकारी मिलने के बाद आजमगढ़ पुलिस ने भी संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
समाधान दिवस की बैठक में मोबाइल पर वीडियो देखते दिखे दरोगा
वायरल वीडियो आजमगढ़ सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस से जुड़ा बताया जा रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ अधिकारी और पुलिसकर्मी बैठक में बैठे हुए हैं. इसी दौरान एक SI रैंक के अधिकारी कुर्सी पर बैठे नजर आते हैं.
आरोप है कि अधिकारी ने अपनी पुलिस कैप को फाइलों के ऊपर रखा हुआ था और उसी कैप के अंदर मोबाइल फोन रखा था. मोबाइल में कोई वीडियो चल रहा था और अधिकारी कान में ईयरफोन लगाकर उसे देखने में व्यस्त थे. वीडियो में दावा किया जा रहा है कि अधिकारी इतने मशगूल थे कि उन्हें आसपास की गतिविधियों और अपना वीडियो बनाए जाने तक की जानकारी नहीं हुई.
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ वीडियो
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यह तेजी से शेयर किया जाने लगा. कई यूजर्स ने दावा किया कि यह वीडियो आजमगढ़ सदर तहसील के समाधान दिवस का है. लोगों ने पुलिसकर्मी के ड्यूटी के दौरान इस तरह मोबाइल देखने को लेकर सवाल उठाए. सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं और पुलिस विभाग से कार्रवाई की मांग की गई.
आजमगढ़ पुलिस ने लिया मामले का संज्ञान
वीडियो वायरल होने के बाद आजमगढ़ पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है. पुलिस की ओर से बताया गया कि थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत संपूर्ण समाधान दिवस सदर तहसील में एक पुलिसकर्मी द्वारा रील देखने से जुड़ा मामला सामने आया है.
आजमगढ़ पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी देते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है. जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
अधिकारी बोले- वीडियो की जांच जारी है
आजमगढ़ पुलिस के अधिकारी नगर शुभम तोदी ने भी इस मामले पर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि एक वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है, जिसमें समाधान दिवस के दौरान कुछ उपनिरीक्षक बैठक में मौजूद थे और उनमें से एक पुलिसकर्मी मोबाइल पर रील देखते हुए दिखाई दे रहा है. उन्होंने कहा कि वीडियो का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी गई है. जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
वीडियो को लेकर उठ रहे सवाल
वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर लोग पुलिसकर्मियों की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं. लोगों का कहना है कि समाधान दिवस जैसे कार्यक्रमों में अधिकारी जनता की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने के लिए मौजूद रहते हैं, ऐसे में ड्यूटी के दौरान इस तरह मोबाइल में व्यस्त रहना लापरवाही को दर्शाता है. हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि वायरल वीडियो में दिख रहा अधिकारी कौन है और उसके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल आजमगढ़ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है.
ADVERTISEMENT










