Badaun Encounter News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में बुधवार (1 जुलाई) की देर रात पुलिस और एक कुख्यात बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 50000 रुपये का इनामी अपराधी जितेंद्र उर्फ ढालू मारा गया. पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान जितेंद्र उर्फ ढालू गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मुठभेड़ में शेखूपुर पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज कुमार और कांस्टेबल अविनाश भी गोली लगने से घायल हुए हैं. दोनों पुलिसकर्मियों का अस्पताल में उपचार चल रहा है.
ADVERTISEMENT
चेकिंग के दौरान शुरू हुई मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, 1 जुलाई की रात बदायूं-बिजनौर हाईवे पर शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया. पुलिस का दावा है कि रुकने के बजाय आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने की कोशिश की. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश गोली लगने से घायल हो गया.
मुठभेड़ के दौरान चली गोली से उपनिरीक्षक नीरज कुमार और कांस्टेबल अविनाश भी घायल हो गए. दोनों के बाएं हाथ को छूते हुए गोली निकल गई. घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
कौन था जितेंद्र उर्फ ढालू?
पुलिस जांच में मारे गए बदमाश की पहचान जितेंद्र उर्फ ढालू के रूप में हुई है. वह वर्तमान में संभल जिले के बनियाठेर क्षेत्र का निवासी था, जबकि मूल रूप से हापुड़ जिले के ढौलाना का रहने वाला बताया गया है.
पुलिस के अनुसार, 19 मई को इस्लामनगर थाना क्षेत्र में हुई डकैती की वारदात में वह मुख्य आरोपियों में शामिल था. इस मामले में पुलिस पहले ही करीब सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, लेकिन जितेंद्र उर्फ ढालू लगातार फरार चल रहा था. उसकी गिरफ्तारी पर बरेली रेंज के डीआईजी अजय कुमार साहनी ने 500 रुपये का इनाम घोषित किया था.
कई जिलों में दर्ज थे गंभीर मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, जितेंद्र उर्फ ढालू के खिलाफ बदायूं, अमरोहा, नोएडा और दनकौर समेत कई स्थानों पर एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे. उस पर डकैती, लूट और अन्य गंभीर अपराधों के आरोप थे. लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी.
मुठभेड़ के बाद हथियार और जेवर बरामद
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी के कब्जे से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, भारी मात्रा में कारतूस और कुछ सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं. बरामद आभूषणों की पहचान कराई जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे किन डकैती या लूट की घटनाओं से जुड़े हैं. पुलिस इस संबंध में भी जांच कर रही है कि बरामद सामान किन वारदातों में लूटा गया था.
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया. उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान जितेंद्र उर्फ ढालू के रूप में हुई है, जो इस्लामनगर डकैती कांड में वांछित था और उसके खिलाफ विभिन्न जनपदों में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और बरामद हथियार व अन्य सामान की भी जांच की जा रही है.
जांच जारी
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है. बरामद हथियार, कारतूस और जेवरों की फॉरेंसिक जांच के साथ-साथ यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किन-किन अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल था. वहीं, घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है और अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जाएगी.
ADVERTISEMENT









