2027 से पहले सपा में सियासी संग्राम! बांदा में महिला सांसद से भिड़े ये विधायक... जमकर हुई नोकझोंक

SP Office Banda: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में समाजवादी पार्टी दफ्तर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में सपा की सांसद कृष्णा देवी पटेल और बबेरू से सपा विधायक विशंभर यादव के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस होती दिख रही है.

यूपी तक

• 12:03 PM • 28 Jun 2026

follow google news

SP Office Banda: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में समाजवादी पार्टी दफ्तर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में सपा की सांसद कृष्णा देवी पटेल और बबेरू से सपा विधायक विशंभर यादव के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस और नोकझोंक होती दिख रही है. यह घटना उस समय हुई थी जब पार्टी दफ्तर में छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती मनाई जा रही थी. इस वीडियो के वायरल होने के बाद सपा में अंदरूनी कलह की चर्चा तेज हो गई है. 

यह भी पढ़ें...

सांसद और विधायक के बीच तनातनी

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि विधायक विशंभर यादव के बोलने के बाद जब सांसद कृष्णा पटेल कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रही थीं, तब उन्होंने विधायक को लेकर कुछ बातें कहीं. सांसद की बातें सुनकर विधायक गुस्से में अपनी सीट से खड़े हो गए और उन्होंने सांसद को तमीज से बात करने की सलाह दी. इसके बाद दोनों नेताओं के बीच जमकर बहस और तनातनी शुरू हो गई.

जिलाध्यक्ष ने शांत कराया मामला

सपा दफ्तर में सांसद और विधायक के बीच होती बहस को देखकर वहां मौजूद जिलाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों ने बीच-बचाव किया. उन्होंने दोनों नेताओं को किसी तरह शांत करवाया था. लेकिन इसी बीच वहां मौजूद किसी कार्यकर्ता ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया.

विधायक ने बताया आंतरिक मामला

इस पूरे विवाद को लेकर विधायक विशंभर यादव ने पार्टी का आंतरिक मामला बताया है. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ विचारों का मतभेद था और इसे बेवजह तूल नहीं दिया जाना चाहिए. विधायक ने आगे यह भी कहा कि यह सब पार्टी दफ्तर के अंदर हुआ था, किसी सड़क पर नहीं हुआ था, इसलिए इसे राजनीतिक विवाद नहीं मानना चाहिए. वहीं, सांसद कृष्णा देवी पटेल ने इस मामले पर अभी किसी भी तरह की कोई सफाई नहीं दी है. 

सपा जिलाध्यक्ष ने बीजेपी पर लगाया आरोप

इस वायरल वीडियो को लेकर सपा की बांदा जिलाध्यक्ष का भी बयान सामने आया है. उन्होंने बताया है कि छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती के कार्यक्रम में थोड़ी सी बहस हुई थी, जो कि कोई बड़ी बात नहीं थी. उन्होंने दावा किया है कि आपस में बैठकर मामला सुलझा लिया गया था. जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि यह वीडियो विरोधी दल यानी सत्ता पक्ष (बीजेपी) के लोगों द्वारा वायरल करवाया जा रहा है, ताकि अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी के मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाया जा सके.

वर्चस्व को लेकर चल रही है खींचतान

जानकारी के मुताबिक, इन दोनों दिग्गज नेताओं के बीच काफी समय से इलाके में वर्चस्व को लेकर खींचतान चल रही है. सांसद कृष्णा पटेल 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी छोड़कर सपा में आई थीं और सांसद बनी थीं. वहीं, बबेरू विधायक विशंभर यादव सपा के काफी पुराने कार्यकर्ता हैं और इलाके में उनकी अच्छी खासी पकड़ है. अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के अंदर की यह गुटबाजी सपा के लिए एक बड़ी चिंता का विषय बन सकती है.