कुंडा में धीरेंद्र शास्त्री की होने वाली राम कथा विवाद पर राजा भैया ने तोड़ी चुप्पी, बोले- 'इसका विरोध करने वाले संविधान विरोधी'

आशीष श्रीवास्तव

• 04:28 PM • 13 Nov 2026

कुंडा में होने वाली श्रीराम कथा को लेकर सपा के विरोध के बीच राजा भैया ने अपनी बात रखी है. उन्होंने कहा कि कथा का राजनीति या 2027 के चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है. साथ ही उन्होंने भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने और मथुरा-काशी में भव्य मंदिर निर्माण का संकल्प दोहराया है.

Google CTA

उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बड़ा नाम रखने वाले रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) इन दिनों अपने विधानसभा क्षेत्र कुंडा में आयोजित होने वाली एक धार्मिक कथा को लेकर चर्चा में हैं. इस कथा को लेकर प्रदेश भर में एक नई राजनीतिक और सामाजिक बहस छिड़ गई है. पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा राम और कृष्ण के बीच किए गए अंतर (डिफरेंस) वाले बयान को लेकर विपक्ष, विशेष रूप से समाजवादी पार्टी, इस कथा का कड़ा विरोध कर रही है. इन तमाम विवादों और बहसों के बीच राजा भैया ने अपनी चुप्पी तोड़ी है. राजा भैया ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि कथा का राजनीति या 2027 के चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है. इसके साथ ही उन्होंने भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने और मथुरा-काशी में भव्य मंदिर निर्माण का बड़ा संकल्प भी दोहराया है.

यह भी देखें...

'कथा का विरोध करना संविधान विरोधी'

कुंडा में आयोजित होने वाली इस कथा पर समाजवादी पार्टी के विरोध पर जवाब देते हुए राजा भैया ने कहा कि वह किसी नेता या दल पर सीधे कोई टिप्पणी नहीं करेंगे. लेकिन उन्होंने साफ शब्दों में कहा, "यदि कोई कह रहा है कि कथा नहीं होनी चाहिए, तो वह पूरी तरह से संविधान विरोधी बात कर रहा है." उन्होंने कहा कि भारत के संविधान का अनुच्छेद 25 और 26 हर नागरिक को अपनी आस्था, मान्यता और रीति के अनुसार पूजा और उपासना करने का मौलिक अधिकार देता है. यदि कोई भी राजनीतिक दल इसमें व्यवधान डालता है, तो वह सीधे-सीधे संविधान विरोधी काम कर रहा है.

'भारत तो हिंदू राष्ट्र होना ही चाहिए'

हिंदू राष्ट्र के मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखते हुए राजा भैया ने कहा कि भारत हिंदू राष्ट्र बिल्कुल बनेगा और इसे बनना ही चाहिए. उन्होंने इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि भारत का बंटवारा भौगोलिक स्थिति पर नहीं, बल्कि धर्म के आधार पर हुआ था. 98 प्रतिशत मुसलमानों ने अलग राष्ट्र (इस्लामिक राष्ट्र) की मांग करते हुए वोट किया था, जिसके बाद पाकिस्तान बना. हिंदुओं ने कभी नहीं कहा था कि वे मुसलमानों के साथ नहीं रह सकते. उन्होंने जोर देकर कहा कि जब बंटवारा मुस्लिम डिमांड पर हुआ, तो भारत को तो हिंदू राष्ट्र होना ही चाहिए.

मथुरा और काशी पर भी बड़ा बयान

राजा भैया ने सभी सनातनी और हिंदुओं से जागरूक और कर्मठ बनने की अपील की. उन्होंने कहा कि जिस तरह से श्री राम जन्मभूमि अयोध्या में एक भव्य राम मंदिर बनकर तैयार हुआ है, उसी तरह से भगवान श्री कृष्ण की जन्मभूमि मथुरा में और बाबा विश्वनाथ जी (काशी) में भी भव्य मंदिर बनेगा. राजा भैया ने कहा कि हम सब लोग उस दिशा में अपना संकल्प लेकर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. चुनाव और वोटर लिस्ट के विवाद पर उन्होंने कहा कि यदि किसी का नाम लिस्ट से कट गया है, तो वह आसानी से फॉर्म 6 भरकर अपना नाम दोबारा जुड़वा सकता है.

यह भी पढ़ें: यूपी का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? विधानसभा चुनाव से पहले हुए ताजा सर्वे ने चौंकाया