Yogi Adityanath Speech: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने सख्त तेवर और स्पष्ट राजनीतिक बयानों के लिए जाने जाते हैं. पीलीभीत में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला बोला. इस दौरान सीएम योगी ने जहां सरकार की विकास योजनाओं का जिक्र किया, वहीं सपा पर परिवारवाद और कानून-व्यवस्था को लेकर तीखे आरोप लगाए. उनका यह बयान अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है.
ADVERTISEMENT
विकास योजनाओं का किया जिक्र
सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं. उन्होंने बताया कि सरकार ने हजारों परिवारों को नागरिकता और जमीन का पट्टा देकर उनका अधिकार सुनिश्चित किया है. उन्होंने कहा कि हाल ही में बाराबंकी में बड़ी संख्या में लोगों को नागरिकता दी गई, जबकि बिजनौर में भी लगभग 3500 परिवारों को उनके अधिकार मिले.
सीएम ने यह भी बताया कि पीलीभीत में इस प्रक्रिया का प्रथम चरण पूरा किया जा रहा है, जबकि अन्य कार्य अभी भी जारी हैं. कुछ मामलों में वन विभाग और केंद्र सरकार की मंजूरी का इंतजार है, जिसके बाद और परिवारों को भी लाभ मिलेगा.
विपक्ष पर तीखा हमला
अपने भाषण में सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि सपा केवल अपने परिवार के हितों में लगी रही. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर सपा सरकार में जनता की चिंता होती, तो आज पीलीभीत जैसे क्षेत्रों में मेडिकल कॉलेज, पुल और अन्य विकास कार्य पहले ही पूरे हो चुके होते. सीएम योगी ने यह भी कहा कि “बबुआ की सरकार” देर से उठती थी और जनता की समस्याओं से दूर रहती थी, इसलिए विकास कार्य पीछे रह गए.
“साइकिल पंचर हो चुकी है” वाला बयान
सीएम योगी ने सपा के चुनाव चिन्ह पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जनता ने उनकी “साइकिल पंचर कर दी है.” उन्होंने आरोप लगाया कि अगर यह साइकिल चलती तो दंगे होते, जमीनों पर कब्जा किया जाता, कर्फ्यू और अराजकता फैलती, व्यापारियों और बेटियों की सुरक्षा खतरे में पड़ती. उन्होंने कहा कि सरकार ने 2017 के बाद जमीन कब्जा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की है और कई जगहों पर अवैध कब्जे हटाए गए हैं.
पीलीभीत और क्षेत्रीय विकास का उल्लेख
सीएम योगी ने कहा कि पीलीभीत टाइगर रिजर्व को वैश्विक पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं. साथ ही लखीमपुर खीरी और पीलीभीत को जोड़ने वाले पुल जैसे विकास कार्यों पर भी काम चल रहा है. उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार गरीबों के अधिकार और विकास को प्राथमिकता दे रही है.
ADVERTISEMENT









