शादी के 1 महीने बाद पति शमशेर ने बीवी मुफीदु निशा की ले ली जान...फिर सास को कॉल लगा कर कही ये बात

यूपी तक

• 11:54 AM • 16 Jul 2026

Siddharth Nagar Crime News: सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज में शादी के डेढ़ महीने बाद नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि पति ने सास को फोन कर बेटी को मारकर घर में दफनाने की जानकारी दी.

Google CTA

Siddharth Nagar Crime News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों और भरोसे को झकझोर कर रख दिया है. यहां एक नवविवाहिता की शादी के महज डेढ़ महीने बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. आरोप है कि पति और ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर शव को घर के कमरे में जमीन के अंदर दफना दिया. हैरानी की बात यह है कि इस घटना का खुलासा किसी पड़ोसी या रिश्तेदार ने नहीं, बल्कि खुद महिला के पति के फोन कॉल से हुआ.

यह भी देखें...

मामला डुमरियागंज थाना क्षेत्र के चकमझारी गांव का है. यहां रहने वाले शमशेर अहमद का निकाह इसी साल 1 जून को 20 वर्षीय मुफीदु निशा के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था. शादी के समय दोनों परिवारों ने बेटी की खुशहाल जिंदगी के सपने देखे थे, लेकिन कुछ ही हफ्तों बाद यह रिश्ता कथित तौर पर खौफनाक वारदात में बदल गया.

पति ने सास को फोन कर दी हत्या की जानकारी

मृतका की मां सफीदु निस्सा के अनुसार, 14 जुलाई की दोपहर उनके मोबाइल पर दामाद शमशेर अहमद का फोन आया. फोन पर उसने कथित तौर पर कहा कि उसने उनकी बेटी को मारकर घर में दफना दिया है. यह सुनते ही मां के पैरों तले जमीन खिसक गई. वह तुरंत डुमरियागंज थाने पहुंचीं और पुलिस को पूरी जानकारी दी.

मां की शिकायत के बाद पुलिस तुरंत कार्रवाई करते हुए चकमझारी गांव पहुंची. वहां मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में घर के एक कमरे में खुदाई कराई गई. कुछ देर बाद जमीन के अंदर से एक महिला का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान मुफीदु निशा के रूप में हुई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप

मृतका की मां ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल पक्ष की ओर से 1 लाख रुपये दहेज की मांग की जाने लगी थी. उन्होंने बताया कि बेटी को लगातार परेशान किया जाता था और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी. हालांकि, बेटी ने कभी अपने दर्द के बारे में खुलकर परिवार को नहीं बताया.

मां का कहना है कि उनकी बेटी को कोई गलती नहीं थी. उन्होंने अपनी बेटी की शादी बड़े अरमानों से की थी, लेकिन अब उनकी पूरी दुनिया उजड़ चुकी है. उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है.

पुलिस ने पति समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लिया

डुमरियागंज पुलिस के मुताबिक, मृतका की मां की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया.

इस मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी पति शमशेर अहमद, ससुर हबीबुल्लाह और सास खुशबू निशा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या कब और किस तरह की गई और शव को छिपाने की साजिश में कौन-कौन शामिल था.

पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच से खुलेगा राज

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद हत्या से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं. फिलहाल पुलिस सभी सबूतों को जुटाकर मामले की जांच कर रही है.

इस घटना ने एक बार फिर दहेज प्रथा और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सवाल यह है कि क्या दहेज की मांग इतनी बड़ी वजह बन सकती है कि किसी की जिंदगी ही खत्म कर दी जाए. फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और सभी की निगाहें आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं.