Ambedkar Nagar News: उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले में एक कथित प्रेम प्रसंग को लेकर सड़क पर जमकर हंगामा देखने को मिला. जिले के पटेल नगर इलाके में एक शादीशुदा शिक्षक को उसकी पत्नी और बेटी ने कथित प्रेमिका के साथ कार में पकड़ लिया. इसके बाद सड़क पर जमकर कहासुनी और हाथापाई हुई. मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई और कई लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. बताया जा रहा है कि पूरा घटनाक्रम करीब आधे घंटे तक चलता रहा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और जाम जैसे हालात बन गए.
ADVERTISEMENT
पत्नी को पहले से था शक, बेटी के साथ किया पीछा
जानकारी के अनुसार, संबंधित व्यक्ति प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक है. वह अपने घर जलालपुर से यह कहकर निकला था कि कार की मरम्मत कराने जा रहा है. हालांकि उसकी पत्नी को पहले से ही उस पर शक था. इसी वजह से वह अपनी बेटी के साथ उसका पीछा करती रही. जैसे ही कार पटेल नगर स्थित मध्यांचल विद्युत निगम कार्यालय के सामने पहुंची, पत्नी और बेटी ने अपनी गाड़ी रोककर कार को घेर लिया.
बताया जा रहा है कि पत्नी ने कार का दरवाजा खुलवाया और उसमें मौजूद महिला को बाहर निकाल लिया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई. आरोप है कि पत्नी और बेटी ने मिलकर कथित प्रेमिका की पिटाई कर दी. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए. कुछ लोग तमाशा देखते रहे, जबकि कुछ ने बीच-बचाव करने की कोशिश भी की.
सड़क पर लगा लोगों का जमावड़ा
घटना के दौरान सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई. कई राहगीरों ने अपने मोबाइल फोन से पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड किया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा. वायरल वीडियो में सड़क पर हंगामा, लोगों की भीड़ और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक साफ दिखाई दे रही है.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
हंगामे की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह सभी पक्षों को शांत कराया. इसके बाद पति, पत्नी, बेटी और कथित प्रेमिका समेत सभी लोगों को थाने ले जाया गया. पुलिस ने सभी से अलग-अलग पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी ली और विवाद को समझने का प्रयास किया.
बातचीत के बाद हुआ समझौता, नहीं दर्ज हुई शिकायत
थाने में काफी देर तक बातचीत और समझाइश का दौर चला. आखिरकार मामला कानूनी कार्रवाई तक नहीं पहुंचा और आपसी सहमति से विवाद सुलझा लिया गया. बताया जा रहा है कि कथित प्रेमिका की ओर से माफी मांगी गई, जिसके बाद दोनों पक्षों ने समझौते पर सहमति जता दी. पुलिस ने सभी को समझाकर वापस भेज दिया. फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.
इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना
हालांकि कानूनी कार्रवाई नहीं हुई, लेकिन सड़क पर हुए इस हाई वोल्टेज ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहा है. लोग इस घटना पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. फिलहाल अंबेडकर नगर के पटेल नगर में हुई यह घटना पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है.
ADVERTISEMENT










