बांदा में महिला का रौद्र रूप! दरोगा को जमीन पर पटका, फाड़ी वर्दी... वायरल वीडियो ने मचाई सनसनी

यूपी तक

• 09:51 AM • 15 Jul 2026

Banda News: उत्तर प्रदेश के बांदा में अतिक्रमण हटाने गई पुलिस-राजस्व टीम के दौरान जमकर हंगामा हुआ. वायरल वीडियो में एक महिला दरोगा को जमीन पर पटकती और उनकी वर्दी फाड़ती नजर आ रही है.

Google CTA

Banda News: उत्तर प्रदेश के बांदा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां अतिक्रमण हटाने गई पुलिस टीम के साथ विवाद इतना बढ़ गया कि एक महिला ने दरोगा पर हमला कर दिया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिला दरोगा को पीछे से पकड़कर जमीन पर पटकती और उनकी वर्दी फाड़ती नजर आ रही है. वहीं महिला ने पुलिस पर पति के साथ मारपीट करने और जबरन ले जाने का आरोप लगाया है.

यह भी देखें...

अतिक्रमण हटाने पहुंची थी पुलिस-राजस्व की टीम

मामला बांदा जिले के गिरवां थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, एसडीएम के आदेश पर पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम सरकारी चक रोड से अतिक्रमण हटाने पहुंची थी. इसी दौरान राम रतन नाम के व्यक्ति और उसकी पत्नी ने कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया. आरोप है कि विरोध के दौरान मामला बहस से बढ़कर हाथापाई तक पहुंच गया. पुलिस टीम राम रतन को गाड़ी में बैठाने का प्रयास कर रही थी, तभी उसकी पत्नी अपने पति को छुड़ाने के लिए दरोगा से भिड़ गई.

महिला ने दरोगा को जमीन पर गिराया, फाड़ी वर्दी

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला और दरोगा के बीच धक्का-मुक्की हो रही है. इसी दौरान महिला पीछे से दरोगा को पकड़ती है और उन्हें जमीन पर गिरा देती है. इसके बाद उनकी वर्दी भी फट जाती है.

वीडियो में दरोगा को यह कहते हुए भी सुना जा सकता है कि उनकी वर्दी फाड़ दी गई है. मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

महिला ने पुलिस पर लगाए मारपीट के आरोप

वहीं, महिला का आरोप है कि पुलिस जबरन उसके पति को पकड़कर ले जा रही थी. उसने जब इसका विरोध किया तो पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की. महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति के साथ भी पुलिस ने गलत व्यवहार किया. महिला ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है. उसका कहना है कि उसके पति को गलत तरीके से हिरासत में लेने की कोशिश की गई.

पुलिस ने लगाए सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप

वहीं पुलिस का कहना है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान राम रतन और उसकी पत्नी ने सरकारी काम में बाधा डाली. पुलिस के मुताबिक, महिला ने महिला लेखपाल के साथ भी अभद्र व्यवहार किया और पुलिस टीम के साथ मारपीट की.

पुलिस ने बताया कि जब दरोगा ने राम रतन को निरोधात्मक कार्रवाई के तहत थाने ले जाने की कोशिश की, तभी महिला आक्रामक हो गई और उसने दरोगा पर हमला कर दिया. पुलिस के अनुसार, महिला ने पीछे से पकड़कर दरोगा को जमीन पर गिराया और उनकी वर्दी फाड़ दी.

पति-पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज, जांच जारी

पुलिस ने महिला लेखपाल की तहरीर के आधार पर राम रतन और उसकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. वहीं राम रतन के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है.

फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है. पुलिस और महिला दोनों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए गए हैं. अब जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही साफ हो पाएगा कि घटना की पूरी सच्चाई क्या है. इस बीच दरोगा को जमीन पर पटकने और वर्दी फाड़ने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.