जिस पिता ने बेटे को बड़ा किया उसी की हत्या का आरोप, गाजियाबाद में 32 साल के निखिल पर 55 वर्षीय पिता हरिओम नेहरा को गोली मारने का आरोप

यूपी तक

• 01:45 PM • 16 Jul 2026

Ghaziabad News: गाजियाबाद के मोदीनगर क्षेत्र में बेटे पर अपने पिता की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है. पुलिस के मुताबिक जमीन विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया.

Google CTA

Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक बेटे पर अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी बेटे ने अपने पिता को कथित तौर पर चार गोलियां मारीं, जिससे उनकी मौत हो गई.

यह भी देखें...

मामला मोदीनगर थाना क्षेत्र के बुदाना गांव का है. यहां देर रात करीब 12 बजे गोलियों की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई. आरोप है कि 32 वर्षीय निखिल नेहरा ने अपने 55 वर्षीय पिता हरिओम नेहरा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी.

विवाद के बाद पिता पर बरसाईं गोलियां

जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर पिता और बेटे के बीच विवाद हुआ था. आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि निखिल ने अपने पिता पर गोली चला दी. गोली लगने से हरिओम नेहरा गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े.

घटना के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया. वहीं, परिजन आनन-फानन में घायल हरिओम नेहरा को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी की तलाश जारी

अस्पताल से घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए और आरोपी बेटे की तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं.

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, शुरुआती जांच में मृतक को करीब चार गोलियां लगने की बात सामने आई है. हालांकि, हत्या की पूरी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है और मामले की जांच जारी है.

जमीन विवाद को बताया जा रहा हत्या की वजह

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में हत्या के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि पिता और बेटे के बीच संपत्ति को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था.

पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है. हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की असली वजह सामने आ सकेगी.

नशे की आदत को लेकर भी सामने आई जानकारी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी निखिल नेहरा के नशे का आदी होने की बात भी सामने आई है. बताया जा रहा है कि वह अक्सर नशे की हालत में परिवार के लोगों से विवाद करता था. वहीं, स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि आरोपी इससे पहले भी एक आपराधिक घटना में शामिल रहा है. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है.

पुलिस बोली- जल्द गिरफ्तार होगा आरोपी

फिलहाल पुलिस फरार आरोपी निखिल नेहरा की तलाश में जुटी हुई है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों में बढ़ते विवाद और अपराध को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. इलाके में हर कोई यही चर्चा कर रहा है कि आखिर एक बेटा अपने ही पिता की हत्या तक कैसे पहुंच गया.