गाजियाबाद में पत्नी को होटल में कथित बॉयफ्रेंड संग देख भड़का पति...फिर बीच सड़क पर कर दिया ये कांड

यूपी तक

• 12:19 PM • 16 Jul 2026

Ghaziabad News: गाजियाबाद में पत्नी को कथित बॉयफ्रेंड के साथ होटल में देखकर पति भड़क गया. पति ने युवक को होटल से बाहर खींचकर सड़क पर जमकर पीटा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Google CTA

Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी को कथित बॉयफ्रेंड के साथ होटल में देख लिया. इसके बाद गुस्से में पति ने युवक को होटल से बाहर खींच लिया और सड़क पर उसकी जमकर पिटाई कर दी. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. यह मामला गाजियाबाद के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के बजरिया चौकी के पास स्थित एक होटल का बताया जा रहा है. वीडियो में एक युवक को सड़क पर पीटते हुए देखा जा सकता है, जबकि एक महिला दोनों के बीच बचाव करने की कोशिश कर रही है.

यह भी देखें...

होटल पहुंचते ही पत्नी और युवक को देखकर भड़का पति

जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 2 बजे एक युवक अपनी महिला साथी के साथ होटल पहुंचा था. दोनों होटल में ठहरने के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान महिला का पति भी वहां पहुंच गया. जैसे ही उसकी नजर पत्नी और उसके साथ मौजूद युवक पर पड़ी, वह गुस्से से आग बबूला हो गया.

आरोप है कि पति ने युवक को होटल से बाहर खींच लिया और सड़क पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान युवक खुद को बचाने की कोशिश करता रहा, जबकि महिला कभी पति को रोकती नजर आई तो कभी युवक को बचाने का प्रयास करती रही.

सड़क पर हुआ हाईवोल्टेज ड्रामा

होटल के बाहर हुए इस विवाद को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. हालांकि, ज्यादातर लोग मदद करने के बजाय अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाने लगे. कुछ ही देर में मारपीट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में पति युवक पर लगातार हाथ उठाता दिखाई दे रहा है. घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं.

पति को पहले से था पत्नी पर शक

बताया जा रहा है कि पति को अपनी पत्नी पर पहले से शक था. इसी शक के चलते वह उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहा था. जब उसे पत्नी के होटल पहुंचने की जानकारी मिली तो वह भी वहां पहुंच गया.

हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है कि पति ने पत्नी का पीछा किया था या उसे किसी अन्य माध्यम से होटल की जानकारी मिली थी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

पुलिस ने लिया संज्ञान, शिकायत मिलने का इंतजार

वीडियो वायरल होने के बाद गाजियाबाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है. हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, इसलिए पुलिस ने कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया है. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है. शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

होटल प्रबंधन की लापरवाही भी आई सामने

जांच के दौरान पुलिस को एक और अहम बात सामने आई है. जिस होटल में यह घटना हुई, वहां ठहरे युवक और महिला की एंट्री होटल रजिस्टर में दर्ज नहीं थी. नियमों के अनुसार होटल में आने वाले हर व्यक्ति की जानकारी दर्ज करना जरूरी होता है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में रिकॉर्ड उपलब्ध हो सके. पुलिस अब मारपीट की घटना के साथ-साथ होटल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच कर रही है. यदि नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो होटल संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है.

फिलहाल गाजियाबाद पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. सड़क पर हुआ यह हाईवोल्टेज ड्रामा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. कुछ लोग पति के गुस्से को सही बता रहे हैं, जबकि कई लोग कानून हाथ में लेने को गलत ठहरा रहे हैं.