Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है. यहां साहिबाबाद की वृंदा गार्डन कॉलोनी में एक बेटी अपने ही परिवार की जान की दुश्मन बन गई. आरोप है कि कार लोन के वेरिफिकेशन से इनकार करने पर बेटी ने अपने पिता और भाभी पर पिस्टल तान दी और उन्हें जान से मारने की धमकी दे दी. इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पर्पल टी-शर्ट पहने लड़की हाथ में पिस्टल लिए झगड़ा करती नजर आई. पुलिस ने पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी बेटी की तलाश में जुट गई है.
ADVERTISEMENT
ढाई साल बाद लौटी थी घर
एफआईआर के मुताबिक, पीड़ित पिता हितेश तोमर की बेटी करीब ढाई साल पहले घर छोड़कर चली गई थी. लेकिन हाल ही में वह कार लोन के वेरिफिकेशन के लिए अचानक घर वापस आ गई. जब पिता ने लोन के कागजात का वेरिफिकेशन करने से साफ इनकार कर दिया, तो बेटी भड़क गई. आरोप है कि उसने अपने पिता के साथ जमकर गाली-गलौज की और अपनी भाभी के साथ भी मारपीट की है. विवाद बढ़ता देख आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद बेटी वहां से चली गई.
25 मिनट बाद पिस्टल लेकर लौटी
कहानी यहीं खत्म नहीं हुई. पिता का आरोप है कि पहली बार जाने के लगभग 25 मिनट बाद बेटी अपनी एक सहेली के साथ दोबारा घर लौटी. इस बार उसके हाथ में एक पिस्टल थी. आरोप है कि उसने घर का मेन गेट तोड़ दिया और अंदर दाखिल हो गई. एफआईआर के अनुसार, आरोपी बेटी ने अपने पिता और भाभी पर पिस्टल तान दी और उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगी. अपनी जान बचाने के लिए पिता और भाभी किसी तरह भागकर घर की पहली मंजिल पर पहुंच गए.
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
बेटी के हाथ में पिस्टल लहराने और धमकी देने की यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. वायरल वीडियो में दिखा कि लड़की के हाथ में पिस्टल है. बाद में सहेली उसे वहां से अपने साथ ले गई. सहायक पुलिस आयुक्त (साहिबाबाद) अमित सक्सेना ने बताया कि पीड़ित पिता की शिकायत के आधार पर 9 सितंबर को आरोपी प्रियंका तोमर और उसकी सहेली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.
ADVERTISEMENT










