हमीरपुर में बीच सड़क पर बिजेपी और सपा नेत्री की हुई लड़ाई, जमकर हुई धक्का-मुक्की और गाली-गलौज!

यूपी तक

• 02:39 PM • 12 Sep 2026

Hamirpur News: हमीरपुर के कुरारा में नाली निर्माण को लेकर सपा की पूर्व चेयरमैन माया वाल्मीकि और बीजेपी की मौजूदा चेयरमैन आशा रानी कबीर के बीच विवाद हो गया. दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए हैं.

Google CTA

Hamirpur News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां दो महिला नेता एक-दूसरे से सड़क पर भिड़ गईं. यह कोई आम लड़ाई नहीं थी, बल्कि समाजवादी पार्टी की पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष और बीजेपी की मौजूदा नगर पंचायत अध्यक्ष के बीच हुई तीखी नोकझोंक और हाथापाई थी. इस पूरी लड़ाई की वजह एक नाली का निर्माण बताया जा रहा है. विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट तक आ गई. अब इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं.

यह भी देखें...

सपा नेता ने लगाया मारपीट का आरोप

हमीरपुर के कुरारा कस्बे में हुई इस घटना में समाजवादी पार्टी की पूर्व चेयरमैन माया वाल्मीकि ने वर्तमान चेयरमैन आशा रानी कबीर पर गंभीर आरोप लगाए हैं. माया वाल्मीकि का कहना है कि जब वे एक कार्यक्रम में बाहर गई थीं, तब आशा रानी ने बुलडोजर से उनके घर के नीचे बनी नाली को तुड़वा दिया, जिससे उनके घर को नुकसान पहुंचा. माया के मुताबिक, जब उन्होंने इसका विरोध किया और पानी को दूसरी तरफ से निकालने को कहा, तो आशा रानी ने उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की. माया ने यह भी आरोप लगाया कि आशा रानी और उनके साथ आए लोग जबरन उनके घर में घुस गए और जान से मारने की धमकी दी.

बीजेपी नेता ने दी अपनी सफाई

इस पूरे मामले पर बीजेपी की मौजूदा चेयरमैन आशा रानी कबीर ने भी अपनी सफाई पेश की है. उनका कहना है कि वे वार्ड नंबर में पानी भरने और सांप निकलने की शिकायत पर वहां मुआयना करने गई थीं. आशा रानी का आरोप है कि वहां पहुंचते ही माया वाल्मीकि और उनके भांजे अजीत ने उन पर अचानक हमला कर दिया. आशा रानी ने यह भी कहा कि माया वाल्मीकि चुनाव हारने के बाद से ही उनसे चिढ़ती हैं और इसी रंजिश के चलते उन्होंने यह हमला किया है. आशा रानी ने माया के पति घनश्याम वाल्मीकि पर भी लोगों को लड़वाने का आरोप लगाया.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

नाली निर्माण को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. वायरल वीडियो में दोनों महिला नेताओं के बीच हो रही कहासुनी और हाथापाई साफ तौर पर देखी जा सकती है. हालांकि, इस घटना के बाद पुलिस में क्या शिकायत दर्ज कराई गई है और पुलिस ने अब तक क्या कार्रवाई की है, यह स्थिति अभी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाई है. लेकिन इस हाई-प्रोफाइल लड़ाई ने इलाके के राजनीतिक माहौल को जरूर गरमा दिया है.