Shahjahanpur News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में पुलिस की वर्दी और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है. तिलहर थाना क्षेत्र के बंधीचक गांव में फर्जी लोन की जांच करने पहुंचे एक दरोगा और उनकी टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया. आरोप है कि न सिर्फ पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी की गई बल्कि दरोगा की वर्दी भी फाड़ दी गई और बाद में जानलेवा फायरिंग कर आरोपी मौके से फरार हो गए.
ADVERTISEMENT
फर्जी लोन की शिकायत की जांच करने पहुंची थी पुलिस टीम
यह घटना 26 मई की शाम की बताई जा रही है. तिलहर थाने में तैनात दरोगा गौरव शर्मा, हेड कांस्टेबल भारत मणि के साथ बंधीचक गांव में जांच के लिए पहुंचे थे. पुलिस को मिली शिकायत में गांव के निवासी नकुल और उसके भाई गुड्डू पर आरोप था कि उन्होंने फर्जी तरीके से लोन लेकर बाइक और अन्य वाहन खरीदे हैं. इसी शिकायत की जांच के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी.
पूछताछ के दौरान माहौल बिगड़ा
जैसे ही पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू की, माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया. आरोप है कि नकुल और गुड्डू पुलिस टीम से उलझ पड़े और गाली-गलौज करने लगे. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि आरोपियों ने दरोगा से शिकायत से जुड़े दस्तावेज छीन लिए और उन्हें फाड़ दिया. इस दौरान दरोगा की वर्दी भी फाड़ दी गई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया.
दरोगा और हेड कांस्टेबल पर फायरिंग
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने तमंचा निकाल लिया और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी. हालांकि दरोगा गौरव शर्मा और हेड कांस्टेबल भारत मणि इस हमले में बाल-बाल बच गए. फायरिंग के बाद आरोपी मौके से धमकी देते हुए फरार हो गए. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई.
24 घंटे तक मामला दबा रहा
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद स्थानीय टीम गांव पहुंची, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि यह गंभीर मामला करीब 24 घंटे तक उच्च अधिकारियों तक नहीं पहुंच सका. बाद में जब मामला एसपी सौरभ दीक्षित के संज्ञान में आया तो उन्होंने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए.
एसपी के आदेश के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने एक आरोपी नकुल को हिरासत में ले लिया है, जबकि दूसरे आरोपी गुड्डू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. अधिकारियों के मुताबिक मामले की जांच जारी है और जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा किया जाएगा.
ADVERTISEMENT









