Groom home entry blocked: शादी-ब्याह में अक्सर फूफा या जीजा की नाराजगी की खबरें आती हैं. लेकिन जालौन में एक सगे चाचा ने भतीजे की अनदेखी का ऐसा बदला लिया कि पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया. शादी का कार्ड ना मिलने से नाराज चाचा ने दूल्हा-दुल्हन के स्वागत के बजाय घर के मेन गेट को ही लोहे की वेल्डिंग करवाकर सील कर दिया. आलम यह था कि नई नवेली दुल्हन घंटों घर के बाहर खड़ी रही और आखिरकार पुलिस की मदद से गृह प्रवेश कराना पड़ा.
ADVERTISEMENT
कार्ड न देना पड़ा महंगा
मामला जालौन कोतवाली क्षेत्र का है, जहां एक युवक की बारात धूमधाम से निकली थी. बताया जा रहा है कि पारिवारिक अनबन की वजह से भतीजे ने अपने सगे चाचा को शादी का न्योता नहीं दिया था. यह बात चाचा को इतनी चुभ गई कि उन्होंने भतीजे के अरमानों पर पानी फेरने की योजना बना ली. जब दूल्हा अपनी दुल्हन के साथ घर लौटा तो दरवाजे पर ताला लटका देख बाराती दंग रह गए. चाचा ने न केवल ताला लगाया था बल्कि बाकायदा वेल्डिंग मशीन मंगवाकर गेट को चारों कोनों से पक्का बंद करवा दिया था.
पुलिस ने मिस्त्री बुलाकर कटवाई वेल्डिंग
दुल्हन के घर में घुसने का कोई रास्ता न देख मामला पुलिस तक पहुंचा. जालौन कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और वेल्डिंग काटने वाले मिस्त्री को बुलाकर कड़ी मशक्कत के बाद दरवाजा खुलवाया. घंटों चले हंगामे के बाद पुलिस के साये में दुल्हन का गृह प्रवेश कराया गया.
पारिवारिक रंजिश का है मामला
पुलिस का कहना है कि यह पूरी घटना आपसी पारिवारिक विवाद का नतीजा है. फिलहाल दरवाजा खुलवा दिया गया है और घर में शांति है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अगर इस मामले में कोई लिखित तहरीर मिलती है तो दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT









