गंगा एक्सप्रेव पर ड्यूटी कर रहे हेड कांस्टेबल जय भगवान की गैर मौजूदगी पर उठे सवाल को उन्होंने सुना दी 'पॉटी' वाली गजब कहानी, मचा बवाल

संभल में गंगा एक्सप्रेसवे पर ड्यूटी से गायब हेड कांस्टेबल और ट्रैफिक प्रभारी के बीच 'पॉटी' को लेकर हुआ विवाद चर्चा में है. अभद्र भाषा और भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद एसपी ने दोनों को लाइन हाजिर कर जांच के आदेश दिए हैं.

Sambhal News

अभिनव माथुर

30 Apr 2026 (अपडेटेड: 30 Apr 2026, 01:27 PM)

follow google news

Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में गंगा एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन के ठीक बाद पुलिस विभाग के अंदर एक अजीबो-गरीब विवाद खड़ा हो गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गंगा एक्सप्रेसवे उद्घाटन कार्यक्रम के मद्देनजर संभल के लहरावन इंटरचेंज पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई थी ताकि वाहनों का प्रवेश रोका जा सके. मंगलवार को दोपहर करीब 12:30 बजे जब ट्रैफिक पुलिस प्रभारी दुष्यंत बालियान ड्यूटी चेक करने पहुंचे तो हेड कांस्टेबल जय भगवान वहां मौजूद नहीं थे. इस पर TSI ने तुरंत उनकी गैर-हाजिरी की रपट लिख दी. जब सिपाही वापस लौटा तो उसने दावा किया कि पेट खराब होने के कारण वह पास के पेट्रोल पंप पर शौच (पॉटी) करने गया था. हेड कांस्टेबल का आरोप है कि जब उसने अपनी मजबूरी बताई तो प्रभारी दुष्यंत बालियान ने फोन पर भड़कते हुए कहा कि 'मैंने तेरी पॉटी का ठेका नहीं ले रखा है, अपनी आमद दर्ज कराओ.'

यह भी पढ़ें...

कांस्टेबल ने TSI दुष्यंत बालियान पर लगाए ये आरोप

कार्रवाई से नाराज हेड कांस्टेबल जय भगवान ने बताया कि ' 'सुबह दूध पीने से पेट खराब हो गया था. इसलिए पेट्रोल पंप पर पॉटी करने गया था. वापस आने पर प्रभारी ने कहा कि उन्होंने रपट लिख दी है. जब मैंने वजह बताई तो उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग किया.' इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने अपने ही प्रभारी पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं. सिपाही का दावा है कि TSI दुष्यंत बालियान अवैध रूप से ट्रकों और डंपरों का संचालन करवाते हैं. सिपाही के मुताबिक 'प्रभारी जी मुझसे इसलिए चिढ़े हुए हैं क्योंकि मैंने कांवड़ यात्रा के दौरान उनके द्वारा चलवाए जा रहे मिट्टी के डंपर को रोक दिया था. मैं कभी शौच के लिए चला जाता हूं तो ये इसी बात को मुद्दा बनाकर मेरे पीछे पड़ जाते हैं.'

SP केके बिश्नोई ने किया लाइन हाजिर

दोनों के बीच का विवाद बढ़ता देख एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने सख्त रुख अपनाया. एसपी ने कार्रवाई करते हुए हेड कांस्टेबल जय भगवान और ट्रैफिक प्रभारी दुष्यंत बालियान को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है. एसपी ने बताया कि हेड कांस्टेबल के गैर-हाजिर मिलने और उनके द्वारा प्रभारी पर लगाए गए आरोपों का वीडियो संज्ञान में आया था. अनुशासनहीनता और आरोपों की गंभीरता को देखते हुए दोनों पर कार्रवाई की गई है और पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं.

वहीं सिपाही जय भगवान ने कहा कि 'सुबह दूध पीने से पेट खराब हो गया था. इसलिए पेट्रोल पंप पर पॉटी करने गया था. वापस आने पर प्रभारी ने कहा कि उन्होंने रपट लिख दी है. जब मैंने वजह बताई तो उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग किया.