इटावा में देसी शराब के ठेके में अचानक घुस गईं गांव की महिलाएं, फिर जो हुआ वो देख हर कोई कांप गया

Etawah Viral Video: इटावा के समसपुर में शराब के ठेके पर महिलाओं ने जमकर तोड़फोड़ की और लाखों की बोतलें सड़क पर फोड़ दीं. स्कूल के पास स्थित इस ठेके से ग्रामीण परेशान थे. मारपीट के बाद भड़के इस आक्रोश की पुलिस जांच कर रही है.

etawah Viral video

अमित तिवारी

30 Apr 2026 (अपडेटेड: 30 Apr 2026, 01:58 PM)

follow google news

Etawah Viral Video: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में शराब के ठेके को लेकर महिलाओं का गुस्सा बुधवार को बुरी तरह फूट पड़ा. थाना बकेवर के समसपुर गांव में दर्जनों महिलाओं ने गांव के बीचों-बीच चल रहे शराब के ठेके में घुसकर जमकर उत्पात मचाया. महिलाओं ने न केवल ठेके के सामान में तोड़फोड़ की बल्कि शराब की बोतलों को उठाकर सड़क पर फेंक दिया. ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल के पास स्थित इस ठेके के कारण गांव का माहौल खराब हो रहा है और आए दिन शराबी हंगामा करते हैं.

यह भी पढ़ें...

मारपीट के बाद भड़का आक्रोश

घटना की शुरुआत बुधवार दोपहर करीब 1:00 बजे हुई. बताया जा रहा है कि गांव के एक आइसक्रीम बेचने वाले गयादीन का ठेका संचालक के परिजनों से डिस्पोजल डालने को लेकर विवाद हो गया था. गयादीन का आरोप है कि ठेका संचालक के पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की जिसके बाद उसे रात भर थाने में भी बैठना पड़ा. इस घटना के बाद गांव की महिलाओं का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने एकजुट होकर ठेके पर हमला बोल दिया.

लाखों के नुकसान का दावा

शराब ठेके के संचालक ज्ञानेंद्र सिंह ने आरोप लगाया है कि महिलाओं ने तांडव मचाते हुए लगभग 5 लाख रुपये की शराब बर्बाद कर दी है. इसके अलावा ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए गए और वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की गई.

गांव के प्रधान कृपा शंकर और अन्य ग्रामीणों का कहना है कि यह ठेका नियमों के विरुद्ध चल रहा है. उनके अनुसार ठेका गांव की घनी आबादी के बीच और स्कूल से मात्र 200 मीटर की दूरी पर स्थित है. नशेड़ियों के कारण गांव की महिलाओं और बच्चों पर बुरा असर पड़ रहा है. आरोप है कि यह ठेका मूल रूप से किसी अन्य गांव (हथनौली) के नाम पर आवंटित है जिसे साठगांठ कर यहां अवैध रूप से चलाया जा रहा है.

पुलिस की कार्रवाई

फिलहाल उत्तर प्रदेश पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है. गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस तोड़फोड़ के पीछे मुख्य रूप से कौन लोग शामिल थे और ठेके की वैधता क्या है. महिलाओं ने साफ चेतावनी दी है कि वे गांव के अंदर शराब का ठेका किसी भी कीमत पर चलने नहीं देंगी.