Bhadohi News: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है. यहां एक शादीशुदा महिला ने दूसरे लड़के के प्यार में अपने पति को छोड़ दिया. फिर घर में रखे गहने, नकदी लेकर फरार हो गई और उसी प्रेमी के साथ कोर्ट मैरिज भी कर ली. लेकिन शादी के बाद जब उसे पता चला कि उसका प्रेमी गरीब है तो उसे अपने पहले पति की याद आ गई. अब वही महिला अपने पहले पति के साथ रहने की जिद को लेकर 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई और घंटों तक पुलिस और ग्रामीणों को छकाती रही.
ADVERTISEMENT
इंस्टाग्राम वाला प्यार
भदोही की रहने वाली इस महिला की शादी 5 साल पहले हुई थी. पति दिल्ली में काम करता था. इसी बीच महिला की दोस्ती इंस्टाग्राम पर एक युवक से हो गई. प्यार का परवान ऐसा चढ़ा कि महिला घर से गहने और पैसे लेकर प्रेमी के साथ भाग गई. पति की शिकायत पर पुलिस ने उसे राजकोट से पकड़ा. लेकिन तब महिला ने पति को ठुकरा कर प्रेमी के साथ रहने का फैसला किया और बिना तलाक लिए फर्जी तरीके से कोर्ट मैरिज कर ली.
प्रेमी की आर्थिक स्थिति देख घूम गया माथा
प्रेमी के साथ रहने पहुंची महिला को जब उसकी खराब आर्थिक स्थिति का पता चला तो उसे अपनी गलती का एहसास हुआ. गरीबी में जीने के डर से उसने वापस पहले पति के पास जाने का मन बना लिया. जब बात नहीं बनी तो वह प्रेमी के गांव जेठोपुर में लगे 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गई और चिल्ला-चिल्लाकर पहले पति को बुलाने की जिद करने लगी.
टावर से उतरी लेकिन कहानी में आया ट्विस्ट
मौके पर पहुंची पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद महिला के पहले पति और सास को वहां बुलाया. पति को देखते ही महिला टावर से नीचे उतर आई. लेकिन असली ड्रामा तो थाने में हुआ. पहले पति ने साफ कह दिया कि जो महिला उसे धोखा देकर जेवर-नकदी ले उड़ी और दूसरे के साथ शादी कर ली उसे वह किसी कीमत पर अपने साथ नहीं रखेगा.
अब क्या होगा महिला का?
पति के इनकार के बाद महिला अब अधर में लटक गई है. उसने प्रेमी के गांव में तमाशा किया, प्रेमी को छोड़ने की बात कही और इधर पति ने भी घर के दरवाजे बंद कर लिए. पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और महिला को समझाने की कोशिश जारी है. फिलहाल भदोही का ये मामला चर्चा में बना हुआ है.
ADVERTISEMENT









