उन्नाव में ‘राम मंदिर’ बनवा रहे 60 साल के साधु रामदास की इसराइल ने कर दी हत्या?… भतीजा ऋषि बोला- मांग पूरी होने तक पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे!

Unnao Crime News: उन्नाव के बांगरमऊ में राम मंदिर निर्माण करा रहे 60 साल के साधु बाबा रामदास की धारदार हथियार से हत्या के बाद बवाल मच गया. परिजनों ने पड़ोसी इसराइल समेत चार युवकों पर आरोप लगाए हैं. पुलिस जांच में जुटी है. जबकि इलाके में तनाव के बीच सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

Sadhu Baba and his Nephew

Sadhu Baba and his Nephew

सूरज सिंह

• 07:42 PM • 09 Jun 2026

follow google news

Unnao Crime News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है. बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में अपनी ही जमीन पर राम मंदिर का निर्माण करवा रहे 60 साल के साधु बाबा रामदास उर्फ मिलन सिंह की दिनदहाड़े धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई. आरोप है कि मंदिर में भजन बजाने का विरोध करते हुए इसराइल नामक युवक ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर साधु पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला किया. इलाज के दौरान अस्पताल में साधु ने दम तोड़ दिया जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल में भारी हंगामा और प्रदर्शन किया. मौके पर पहुंचे बीजेपी विधायक ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है. वहीं बढ़ते आक्रोश को देखते हुए इलाके में कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है.

यह भी पढ़ें...

5 महीने से करा रहे थे राम मंदिर का निर्माण

सनसनीखेज हत्याकांड की यह वारदात बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के घूरे टोला मोहल्ले की है. यहां के रहने वाले 60 साल के बाबा रामदास उर्फ मिलन सिंह पिछले करीब पांच महीनों से अपनी निजी जमीन पर एक भव्य राम मंदिर का निर्माण करवा रहे थे और वहीं कुटिया बनाकर रहते थे. परिजनों के मुताबिक, मंगलवार दोपहर मंदिर में साउंड सिस्टम पर भजन बज रहा था जिसका पड़ोस के कुछ लोगों ने हिंसक विरोध किया.

घर से बुलाकर पीठ में घोंपा चाकू

मृतक साधु की परिजन शिवदेवी ने रोते हुए बताया कि मंदिर में साउंड बजाने को लेकर कुछ लोगों ने पहले विवाद किया और दबाव बनाकर साउंड बंद करवा दिया. इसके बाद आरोपी साधु बाबा को अपने साथ कुछ दूरी पर ले गए जहां उन पर धारदार हथियार से बैक-टू-बैक कई वार किए गए. लहू-लुहान हालत में स्थानीय लोग आनंद-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ लेकर पहुंचे. लेकिन घाव गहरे होने के कारण इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

'इसराइल और उसके 4 साथियों ने की चाचा की हत्या'

साधु बाबा के भतीजे ऋषि ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए सीधे तौर पर आरोपियों के नाम उजागर किए हैं. ऋषि ने आरोप लगाते हुए कहा कि 'मेरे चाचा अपनी जमीन पर राम मंदिर बनवा रहे थे. इसी रंजिश में इसराइल ने अपने चार मुस्लिम साथियों के साथ मिलकर चाचा पर चाकू से हमला किया और उनकी जान ले ली. पुलिस प्रशासन इस संवेदनशील मामले को दबाना चाहता है और बिना हमारी मांग पूरी हुए शव को जबरन पोस्टमार्टम के लिए ले जा रहा है, जो हम होने नहीं देंगे.' वहीं मृतक के भाई वीरेंद्र सिंह ने भी अस्पताल पहुंचकर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में साधु-संत सुरक्षित नहीं हैं और उन्हें सरेआम निशाना बनाया जा रहा है.

योगी सरकार में बर्दाश्त नहीं होगा ये सब

साधु की दिनदहाड़े हत्या में दूसरे समुदाय के युवकों का नाम सामने आने के बाद पूरे कस्बे में सांप्रदायिक तनाव फैल गया और लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय बीजेपी विधायक श्रीकांत कटियार तुरंत अस्पताल और घटना स्थल पर पहुंचे. विधायक ने आक्रोशित लोगों को समझाते हुए कहा कि 'योगी सरकार में अपराधियों और अराजक तत्वों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति है. साधु की हत्या का यह कृत्य किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जो भी दोषी हैं उनके खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई होगी जो नजीर बनेगी.'

मामले की जानकारी देते हुए सीओ बांगरमऊ संतोष सिंह ने बताया कि 'दोपहर करीब 12 बजे 60 वर्षीय मिलन दास उर्फ रामदास को घायल अवस्था में सीएचसी बांगरमऊ लाया गया था जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. परिजनों के आरोपों और मंदिर विवाद समेत कई अन्य बिंदुओं को ध्यान में रखकर गहनता से जांच की जा रही है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं.' फिलहाल पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है.