उन्नाव के सप्रू स्टेडियम में मैच के बीच ही मधुमक्खियों ने अंपायर मानिक गुप्ता की ले ली जान, कैसे हुआ ये सब

Unnao Bee Attack: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों के हमले से बड़ा हादसा हो गया. सप्रू स्टेडियम में अंडर-13 मैच के दौरान हुए इस हमले में केसीए के सीनियर अंपायर मानिक गुप्ता की दर्दनाक मौत हो गई जबकि कई खिलाड़ी घायल हैं.

Umpire Manik Gupta

सूरज सिंह

19 Feb 2026 (अपडेटेड: 19 Feb 2026, 09:15 AM)

follow google news

Unnao Bee Attack: खेल के मैदान पर हार-जीत और रोमांच की खबरें तो अक्सर आती हैं.लेकिन उन्नाव के सप्रू स्टेडियम में जो हुआ उसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी. सप्रू स्टेडियम में चल रहे एक अंडर-13 क्रिकेट मैच के दौरान अचानक मधुमक्खियों के एक झुंड ने हमला बोल दिया. इस हमले में कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के सीनियर अंपायर मानिक गुप्ता की जान चली गई. जबकि कई खिलाड़ी और दूसरे अंपायर गंभीर रूप से घायल हो गए.

यह भी पढ़ें...

मैच के बीच अचानक मधुमक्खियों ने किया हमला

शुक्लागंज के सप्रू स्टेडियम में एचए एकेडमी और एसबीएस एकेडमी के बीच मुकाबला चल रहा था. फीलखाना के रहने वाले 65 साल के मानिक गुप्ता पिच पर अंपायरिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. मैच अपने शबाब पर था कि तभी अचानक आसमान से मधुमक्खियों का झुंड काल बनकर उतरा. खिलाड़ियों और दर्शकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला.चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

हॉस्पिटल ले जाते समय तोड़ा दम

मधुमक्खियों ने अंपायर मानिक गुप्ता को बुरी तरह निशाना बनाया. उन्हें और साथी अंपायर जगदीश शर्मा समेत कई बच्चों को गंभीर हालत में शुक्लागंज के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. मानिक गुप्ता की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत कानपुर के हैलट और फिर कार्डियोलॉजी विभाग रेफर किया गया. लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. वहीं अन्य घायल खिलाड़ी फिलहाल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं. मानिक गुप्ता पिछले 30 सालों से कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े थे. वह केडीएमए क्रिकेट लीग के अनुभवी अंपायर थे. उनके निधन की खबर मिलते ही खेल जगत में मातम पसर गया है. खेल प्रेमी और साथी अंपायर्स इस घटना से काफी मायूस हैं.

ये भी पढ़ें: आज का यूपी: भैया-भैया बोल चक्कर लगाने वाले हो जाएं सावधान! अबकी अखिलेश यादव का ये है प्लान