Pratapgarh Love Marriage News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक अनोखी शादी का मामला सामने आया है. यहां चार साल से प्रेम संबंध में रहे सानिया बानो और अमन कुमार ने परिवार की सहमति मिलने के बाद मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली. इस पूरे घटनाक्रम से पहले थाने में करीब छह घंटे तक पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत चली. आखिरकार युवती के पिता ने बेटी की खुशी को प्राथमिकता देते हुए इस रिश्ते को मंजूरी दे दी. इसके बाद दोनों का विवाह पूरे विधि-विधान से संपन्न कराया गया. यह शादी अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.
ADVERTISEMENT
चार साल पुराना था दोनों का प्रेम संबंध
यह मामला प्रतापगढ़ के दाऊदपुर गांव का है. गांव में रहने वाले अमन कुमार और सानिया बानो के घरों के बीच करीब 300 मीटर की दूरी है. दोनों पिछले चार साल से एक-दूसरे को पसंद करते थे और शादी करना चाहते थे. जब इस रिश्ते की जानकारी युवती के पिता खुर्शीद आलम को हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया और शनिवार को पट्टी थाने में शिकायत दर्ज करा दी. शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रयास शुरू किया.
6 घंटे चली पुलिस पंचायत
पट्टी थाने में करीब छह घंटे तक दोनों परिवारों के बीच बातचीत होती रही. पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाया और आपसी सहमति बनाने की कोशिश की. लंबी चर्चा के बाद दोपहर करीब चार बजे सानिया के पिता ने बेटी की इच्छा को स्वीकार करते हुए इस विवाह के लिए अपनी सहमति दे दी. पिता की मंजूरी मिलते ही माहौल का तनाव खत्म हो गया और दोनों परिवारों ने राहत की सांस ली.
मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से हुई शादी
परिवार की सहमति मिलने के बाद सानिया बानो और अमन कुमार का विवाह मंदिर में पूरे हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न कराया गया. दोनों ने सात फेरे लिए और अपने माता-पिता का आशीर्वाद भी लिया. विवाह के दौरान किसी तरह के विवाद की आशंका को देखते हुए युवती ने शपथ पत्र देकर बताया कि उसने अपनी इच्छा से अमन कुमार को जीवनसाथी चुना है. साथ ही दोनों ने नोटरी के माध्यम से हलफनामा भी तैयार कराया. इस विवाह में गांव के खुर्शीद आलम और अमर बहादुर गवाह बने.
ADVERTISEMENT










