अंबेडकरनगर में 1 लाख का इनामी बदमाश आसिफ उर्फ विक्की का एनकाउंटर, यूपी STF से मुठभेड़ मे मारा गया, 20 से अधिक गंभीर मुकदमे थे दर्ज

यूपी तक

07 Jul 2026 (अपडेटेड: 07 Jul 2026, 11:17 AM)

अंबेडकरनगर में यूपी एसटीएफ ने 1 लाख के इनामी बदमाश आसिफ उर्फ विक्की को मुठभेड़ में मार गिराया. आरोपी पर 21 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज थे, जबकि कार्रवाई में एक एसटीएफ जवान भी घायल हुआ.

UP STF Encounter News

UP STF Encounter News

Google CTA

UP STF Encounter News: अंबेडकरनगर में उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए छैमार गैंग के कथित सक्रिय सदस्य और 1 लाख रुपये के इनामी बदमाश आसिफ उर्फ विक्की को मुठभेड़ में मार गिराया. जानकारी के मुताबिक बेवाना थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान आरोपी ने एसटीएफ टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई गोलीबारी में वह घायल हो गया. अस्पताल ले जाने पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इस मुठभेड़ में एसटीएफ का एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.

यह भी पढ़ें...

बेवाना में घेराबंदी के बाद हुई मुठभेड़

जानकारी के मुताबिक, एसटीएफ की नोएडा यूनिट को देर रात अंबेडकरनगर के बेवाना थाना क्षेत्र के जगदीशपुर मुस्लिमपुर के पास आसिफ उर्फ विक्की की मौजूदगी की सटीक सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर टीम ने इलाके की घेराबंदी की. पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देख आरोपी ने एसटीएफ पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद आत्मरक्षा में एसटीएफ ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आसिफ उर्फ विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इस दौरान आरोपी की गोली लगने से एसटीएफ का एक जवान भी घायल हुआ, जिसका उपचार जारी है.

20 से अधिक गंभीर मुकदमे

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान कानपुर नगर निवासी आसिफ उर्फ विक्की छैमार के रूप में हुई है. वह साल 2014 के जौनपुर डबल मर्डर और डकैती कांड में लंबे समय से वांछित था. इसके अलावा सुल्तानपुर, जौनपुर और मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में हुई सनसनीखेज डकैती की वारदातों में भी उसका नाम सामने आया था. अधिकारियों के अनुसार, उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में डकैती, हत्या और अन्य गंभीर अपराधों में कई मुकदमे दर्ज थे. लंबे समय से फरार रहने के कारण उस पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था.

बंधक बनाकर डकैती करता था गैंग

एसटीएफ के अनुसार मुठभेड़ के बाद मौके से एक पिस्टल, 12 बोर की पौनिया, भारी मात्रा में कारतूस और एक बाइक बरामद की गई है. जानकारी के मुताबिक आसिफ उर्फ विक्की कुख्यात छैमार गैंग का सक्रिय सदस्य था. जांच एजेंसियों के अनुसार इस गैंग का तरीका रात के समय घरों में घुसकर लोगों को बंधक बनाकर डकैती करना और विरोध करने पर हत्या जैसी वारदात को अंजाम देना था. एसटीएफ का कहना है कि आरोपी कई जघन्य डकैती और हत्या के मामलों में वर्षों से फरार चल रहा था और लगातार एजेंसियों की रडार पर था. पुलिस अब इस गैंग के अन्य सदस्यों और उससे जुड़े नेटवर्क की भी जांच आगे बढ़ा रही है.