दिल्ली मेट्रो में हर दिन लाखों लोग सफर करते हैं लेकिन 28 जून की रात कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर जो हुआ, उसने हर किसी को चौंका दिया. एक महिला यात्री जल्दबाजी में अपना बैग मेट्रो ट्रेन में ही भूल गईं. इस बैग में कोई मामूली सामान नहीं, बल्कि 20 लाख रुपये के सोने के जेवर और 60 हजार रुपये कैश थे.
ADVERTISEMENT
जैसे ही पीड़ित महिला को अपनी इस भारी लापरवाही का अहसास हुआ, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. लेकिन असली ट्विस्ट तो तब आया जब पुलिस ने सीसीटीवी खंगाला. कैमरे में एक दूसरी महिला अपनी बेटी के साथ नजर आई, जिसकी नजर उस लावारिस बैग पर पड़ी. इसके बाद जो हुआ, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया.
नीयत डोली और चंद मिनटों में गायब हुआ बैग
पूरी घटना कोहाट एन्क्लेव से कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन के बीच की है. पीड़ित महिला अपनी बेटी के साथ सफर कर रही थीं और रात करीब 8 बजे कश्मीरी गेट पर उतरते समय उनका बैग सीट पर ही छूट गया.
आमतौर पर ऐसी स्थिति में लोग मेट्रो स्टाफ या 'लॉस्ट एंड फाउंड' विभाग को सूचित करते हैं, लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं हुआ. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखा कि पास ही बैठी एक दूसरी महिला ने उस बैग को देखा. ईमानदारी दिखाने के बजाय, उस महिला की नीयत डोल गई. उसने बड़ी चालाकी से उस लावारिस बैग को उठाया और चलती बनी.
पुलिस अधिकारी ने बताया,
"कश्मीरी गेट पर उतरते वक्त शिकायतकर्ता करीब 20 लाख रुपये के पुराने सोने के आभूषण और 60,000 रुपये नकद से भरा बैग भूल गई थीं. शिकायत मिलने के बाद तुरंत ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई."
25 से ज्यादा स्टेशनों के CCTV और यूपी का कनेक्शन
दिल्ली पुलिस के लिए इस चोर को पकड़ना इतना आसान नहीं था. मेट्रो की भूलभुलैया में आरोपी को ढूंढने के लिए पुलिस ने एक स्पेशल टीम बनाई. टीम ने अलग-अलग मेट्रो कॉरिडोर के 25 से अधिक मेट्रो स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले.
लगातार टेक्निकल सर्विलांस, ग्राउंड इनक्वायरी और सीसीटीवी एनालिसिस की मदद से आखिरकार पुलिस ने आरोपी महिला का सुराग ढूंढ निकाला. यह महिला उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की रहने वाली निकली. पुलिस ने यूपी में दबिश देकर आरोपी महिला को धर दबोचा.
सलाखों के पीछे पहुंची आरोपी
पूछताछ के दौरान गाजियाबाद की रहने वाली आरोपी महिला ने अपना गुनाह कबूल कर लिया. उसने माना कि बैग देखकर उसका लालच जाग गया था. पुलिस ने महिला के पास से चोरी किए गए 20 लाख रुपये के पूरे सोने के जेवर और 60,000 रुपये की नकदी शत-प्रतिशत बरामद कर ली है.
घटना हमें याद दिलाती है कि सफर के दौरान सतर्कता कितनी जरूरी है, क्योंकि आपकी एक छोटी सी लापरवाही किसी दूसरे के मन में बड़ा लालच पैदा कर सकती है. फिलहाल, चंद मिनटों के लालच ने यूपी की इस महिला को सीधे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है.
ADVERTISEMENT











