मीनाक्षी शर्मा चला रही थीं कार, अचानक गाड़ी के केबिन पर आ गया जहरीला कोबरा, महिला ने दिखाई होशियारी और यूं बचाई जान

मयंक गौड़

• 07:54 PM • 01 Jul 2026

Ghaziabad cobra in car: गाजियाबाद के एलिवेटेड रोड पर चलती कार में अचानक निकला जहरीला कोबरा. महिला चालक ने सूझबूझ से बचाई अपनी जान. ट्रैफिक पुलिस ने किया सांप का सुरक्षित रेस्क्यू.

Cobra Inside Car: सांकेतिक तस्वीर

Cobra Inside Car: सांकेतिक तस्वीर

Google CTA

Ghaziabad cobra in car: गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित एलिवेटेड रोड पर बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब नोएडा की ओर जा रही एक चलती कार के केबिन में अचानक एक जहरीला कोबरा सांप दिखाई दिया. कार के अंदर फन फैलाकर बैठे खतरनाक सांप को देखते ही महिला चालक के पैरों तले जमीन खिसक गई. हालांकि इस बेहद डरावने पल में भी उन्होंने आपा नहीं खोया और गजब की सूझबूझ का परिचय देते हुए कार को सड़क किनारे सुरक्षित रोक दिया. महिला के कार से बाहर निकलने के बाद वहां तैनात ट्रैफिक पुलिस ने तत्परता दिखाई और कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू कर एलिवेटेड रोड पर होने वाले एक बड़े हादसे को टाल दिया.

यह भी पढ़ें...

चलती कार में फन फैलाए बैठा था कोबरा

सामने आई जानकारी के अनुसार, राजनगर एक्सटेंशन की रहने वाली मीनाक्षी शर्मा बुधवार सुबह अपनी कार से रोजाना की तरह दफ्तर जाने के लिए निकली थीं. वह जैसे ही इंदिरापुरम क्षेत्र के एलिवेटेड रोड पर पहुंचीं और कार नोएडा की तरफ बढ़ रही थी तभी अचानक उनकी नजर कार के केबिन के अंदर मौजूद एक कोबरा सांप पर पड़ी.

चलती गाड़ी में इतने करीब जहरीले सांप को देखकर कोई भी पैनिक कर सकता था जिससे बड़ा रोड एक्सीडेंट हो सकता था. लेकिन मीनाक्षी ने हिम्मत दिखाई और संयम बनाए रखते हुए सबसे पहले कार को सड़क के किनारे लगाया, इंजन बंद किया और सुरक्षित तरीके से गाड़ी का दरवाजा खोलकर बाहर निकल आईं.

ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने डिब्बे में किया कोबरा को सुरक्षित बंद

कार से सुरक्षित बाहर आने के बाद मीनाक्षी ने कुछ ही दूरी पर ड्यूटी दे रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को दौड़कर पूरी घटना की जानकारी दी. एलिवेटेड रोड पर चलती कार में कोबरा होने की बात सुनते ही पुलिसकर्मी बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचे.

चूंकि यह एक व्यस्त रूट है इसलिए पुलिसकर्मियों ने सबसे पहले वहां के ट्रैफिक को सुचारु कराया ताकि कोई अन्य हादसा न हो. इसके बाद पुलिसकर्मियों ने बेहद सावधानी और सूझबूझ के साथ कार के अंदर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. काफी मशक्कत के बाद कोबरा को गाड़ी से सुरक्षित बाहर निकाला गया और एक डिब्बे में बंद कर दिया गया. इस अनोखे और रोंगटे खड़े कर देने वाले रेस्क्यू ऑपरेशन को देखने के लिए एलिवेटेड रोड पर कुछ देर के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी. ट्रैफिक पुलिस की इस तत्परता और महिला की सूझबूझ की अब हर तरफ तारीफ हो रही है.