कौशांबी में LPG टैंकर का टोल-प्लाजा से टकराने का दर्दनाक CCTV वीडियो आया सामने... हादसे में चार लोगों की मौत, घायलों का इलाज जारी

अखिलेश कुमार

• 01:08 PM • 03 Jul 2026

Kaushambi Toll Plaza Fire: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में कोखराज टोल प्लाजा पर 26 जून को हुए दर्दनाक एलपीजी गैस टैंकर अग्निकांड हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. इस भयानक हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है.

UP Tak
Google CTA

Kaushambi Toll Plaza Fire: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में कोखराज टोल प्लाजा पर 26 जून को हुए दर्दनाक एलपीजी गैस टैंकर अग्निकांड हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. इस भयानक हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है. इस हादसे में एक टोल कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल अन्य टोल कर्मियों को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में इलाज के भर्ती करवाया गया था. जहां इलाज के दौरान दो टोल कर्मचारियों ने दम तोड़ दिया है, हालांकि दो अन्य कर्मचारियों का इलाज अभी भी चल रहा है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

यह भी पढ़ें...

सीसीटीवी फुटेज में दिखा भयानक मंजर

इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जिसमें साफ देखा जा सकता है कि दो टैंकर टोल प्लाजा की तरफ आ रहे हैं. इनमें से एक तेज रफ्तार टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा जाता है. टक्कर के तुरंत बाद गैस लीक होने के कारण चारों तरफ फैल जाती है. इसके कुछ ही सेकंड बाद टैंकर में भीषण आग लग जाती है.

डिवाइडर से टकराने पर लगी आग

यह हादसा 26 जून, शुक्रवार की सुबह करीब 7 बजे हुआ था. एलपीजी गैस से भरा यह टैंकर कानपुर से वाराणसी की ओर जा रहा था. कोखराज टोल प्लाजा के पास यह टैंकर डिवाइडर से टकरा गया था. टक्कर के बाद लगी आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके को आग की चपेट में ले लिया था. इस हादसे में मिर्जापुर के रहने वाले टैंकर चालक धर्मेंद्र द्विवेदी टैंकर के केबिन से बाहर नहीं निकल पाए और उनकी मौके पर ही जलकर मौत हो गई.

इलाज के दौरान दो की मौत

इस हादसे में टोल प्लाजा के पांच कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए थे. गंभीर रूप से घायल सभी टोल कर्मियों को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालांकि इलाज के दिन आलोक सिंह नाम के कर्मचारी की मौत हो गई थी. अब इलाज के दौरान रायबरेली के रहने वाले हीरामणि सिंह और ललितपुर निवासी कृष्णपाल मौर्य ने भी दम तोड़ दिया है. बाकी बचे दो कर्मचारियों, अतुल कुमार मिश्रा और अनिल का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

पुलिस कर रही है जरूरी कार्रवाई

इस पूरे मामले को लेकर थाना इंचार्ज चंद्र भूषण मौर्य ने बताया है कि अस्पताल में इलाज के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई है. इसके साथ ही इस अग्निकांड में मरने वालों की कुल संख्या अब चार हो गई है. दो घायल लोगों का इलाज अभी जारी है और पुलिस की तरफ से अन्य सभी जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है.