CRPF जवान देव ने पत्नी रमा को लेकर यूपी पुलिस के सिपाही सनी यादव पर लगाए गंभीर आरोप, सामने आई पत्नी ने पूरी कहानी ही पलट दी

मुकुल शर्मा

• 05:10 PM • 01 Jul 2026

Bulandshahr News: बुलंदशहर में CRPF जवान, उसकी पत्नी और यूपी पुलिस के सिपाही के बीच विवाद ने तूल पकड़ लिया है. जवान ने पत्नी को सिपाही द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है, जबकि सिपाही ने इसे झूठ बताया है.

UP Tak
Google CTA

Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सीआरपीएफ (CRPF) जवान, यूपी पुलिस का सिपाही और जवान की पत्नी के बीच का विवाद अब थाने और मीडिया तक पहुंच चुका है. सीआरपीएफ जवान ने जहां एक पुलिस सिपाही पर अपनी पत्नी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और जेवरात-नकदी चोरी करने का आरोप लगाया है, वहीं दूसरी ओर सिपाही और जवान की पत्नी  ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. पत्नी ने उल्टा अपने फौजी पति पर ही झूठ बोलकर शादी करने, मारपीट करने और जालसाजी के गंभीर आरोप लगाए हैं. फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया से लेकर पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है. 

यह भी पढ़ें...

कोर्ट मैरिज के एक महीने बाद ही शुरू हुआ विवाद

यह पूरा मामला बुलंदशहर के गुलावठी थाना क्षेत्र के ग्राम भटौना का है. जानकारी के अनुसार, यहां के निवासी दर्शन उर्फ देव सीआरपीएफ (CRPF) में तैनात हैं. जवान देव के मुताबिक, करीब छह महीने पहले उनकी मुलाकात गौतमबुद्धनगर के दादरी क्षेत्र की रहने वाली रमा उर्फ जाह्नवी से हुई थी. दोनों ने परिवार की रजामंदी से 14 मई को कोर्ट मैरिज की थी. शादी के कुछ दिनों बाद जवान देव अपनी छुट्टी पूरी कर 10 जून को वापस ड्यूटी पर लौट गए. देव का आरोप है कि उनके ड्यूटी पर जाते ही 16 जून को उनकी पत्नी घर से बिना बताए कहीं चली गई. पीड़ित जवान का दावा है कि उसकी पत्नी घर में रखे सोने का हार, मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, चांदी की पाजेब और करीब दो लाख रुपये की नकदी भी अपने साथ समेट ले गई है, जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी उनके पास सुरक्षित है.

यूपी पुलिस के सिपाही पर लगा पत्नी को ले जाने का आरोप

सीआरपीएफ जवान देव ने इस पूरे प्रकरण में बुलंदशहर के ही थाना खानपुर में तैनात सिपाही सनी यादव पर गंभीर आरोप मढ़े हैं. जवान का कहना है कि सिपाही सनी यादव एक काले रंग की स्विफ्ट कार से उनके घर आया था और उनकी पत्नी रमा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. देव ने अंदेशा जताया था कि उनकी पत्नी के साथ कोई अनहोनी हो सकती है. जवान का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में थाना गुलावठी में शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन शुरुआत में पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की. 

सिपाही ने आरोपों को बताया गलत

जब यह मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचा और चर्चाएं तेज हुईं तो खानपुर थाने में तैनात सिपाही सनी यादव भी खुलकर सामने आ गए. सिपाही सनी यादव ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह से गलत और निराधार बताया है. सिपाही का कहना है कि उनका उस महिला या सीआरपीएफ जवान से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है. वह अपने परिवार के साथ खानपुर में ही रह रहे हैं और उन्हें इस पारिवारिक विवाद में जबरन घसीटा और फंसाया जा रहा है. सिपाही सनी यादव ने अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए पुलिस अधिकारियों को कुछ जरूरी फोटो और वीडियो भी सौंपने की बात कही है.

पत्नी ने वीडियो जारी कर खोली पति की पोल

इस पूरे विवाद में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब सीआरपीएफ जवान की पत्नी रमा उर्फ जाह्नवी खुद मीडिया और पुलिस के सामने आ गई. रमा ने एक वीडियो संदेश जारी कर और गुलावठी थाने में एप्लीकेशन देकर अपने पति देव को ही कटघरे में खड़ा कर दिया. रमा का कहना है कि उसका पति बेहद झूठा, फरेबी और जालसाज है. उसने आरोप लगाया कि देव ने उससे झूठ बोलकर शादी की थी और शादी के बाद वह उसके साथ मारपीट करता था, साथ ही उसके अन्य लड़कियों से भी संबंध हैं. रमा ने खुलासा किया कि शादी के बाद जब उसे पता चला कि लड़का दूसरी जाति का है तो दोनों के बीच भारी मनमुटाव शुरू हो गया. रमा ने साफ किया कि वह किसी सिपाही के साथ नहीं, बल्कि अपनी मर्जी से अपने एक रिश्तेदार के घर पर रह रही है. दिलचस्प पहलू यह भी है कि इस पूरे मामले में जवान की पत्नी ने ही सबसे पहले थाने में शिकायत दी थी, जिसके बाद जांच शुरू होने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आए.

पुलिस कर रही है मामले की गहनता से जांच

चूंकि यह मामला एक फौजी और एक पुलिसकर्मी की जिंदगी से जुड़ा हुआ है, इसलिए बुलंदशहर पुलिस बेहद फूंक-फूंक कर कदम रख रही है. इस पूरे मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिषेक कुमार का कहना है कि मामले के सभी पक्षों से लगातार बातचीत की जा रही है. सीआरपीएफ जवान, उसकी पत्नी और सिपाही द्वारा एक-दूसरे पर लगाए गए सभी आरोपों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है. महिला द्वारा सौंपे गए वीडियो और तहरीर को भी जांच में शामिल किया गया है. पुलिस अधिकारियों का आश्वासन है कि पूरी निष्पक्षता के साथ मामले की जांच कर विधि अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.

यह भी पढ़ें: एक गु्र्जर लड़का... गाजियाबाद में जैद हत्याकांड के पीछे की पूरी कहानी बता गया ये शख्स, आखिर कब होगी आरोपी राहुल की गिरफ्तारी?