हरिद्वार से खाटू श्याम की यात्रा पर रच ली थी साजिश… गाजियाबाद में बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाकर 23 साल के मोहित की हत्या, किसने किया ये सब

Ghaziabad Crime: गाजियाबाद के न्यू शांति नगर में जन्मदिन पार्टी के बहाने 23 वर्षीय मोहित की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. पुरानी रंजिश, हरिद्वार-खाटू श्याम यात्रा और तीन संदिग्धों की हिरासत ने मामले को और सनसनीखेज बना दिया.

Ghaziabad Mohit Murder Case

Ghaziabad Mohit Murder Case

मयंक गौड़

• 09:41 AM • 02 Jul 2026

follow google news

Ghaziabad Mohit Murder: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक खौफनाक वारदात सामने आई है. थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र के न्यू शांति नगर में बुधवार देर रात एक 23 साल के युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान मोहित के रूप में हुई है. हत्यारों ने इस हत्याकांड को उस वक्त अंजाम दिया जब उन्होंने मोहित को जन्मदिन मनाने के बहाने बुलाया था. घटना के बाद इलाके में भारी तनाव और दहशत का माहौल है. आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया है जिन्हें समझाने में पुलिस जुटी हुई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है.

यह भी पढ़ें...

घर के अंदर से बाहर तक फैला था खून

क्राइम सीन की तस्वीरें दर्दनाक थीं. बदमाशों ने मोहित पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ कई वार किए. हमला इतना खतरनाक था कि घर के अंदर से लेकर बाहर तक चारों तरफ सिर्फ खून ही खून फैला मिला. परिजनों का आरोप है कि हत्यारों ने घर के भीतर वारदात को अंजाम दिया और उसके बाद मोहित की लाश को घसीटकर घर के बाहर सड़क पर फेंक दिया ताकि इसे कुछ और रूप दिया जा सके.

हरिद्वार से खाटू श्याम तक रची गई मर्डर मिस्ट्री की साजिश

मृतक मोहित के परिजनों ने पुलिस के सामने बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. परिजनों के मुताबिक, यह कोई अचानक हुआ विवाद नहीं बल्कि एक पूर्व नियोजित और सुनियोजित हत्या है. दरअसल कुछ महीने पहले मोहित का कुछ स्थानीय युवकों के साथ गंभीर विवाद हुआ था. हालांकि बाद में दोनों पक्षों में रजामंदी और समझौता हो गया था.

परिजनों का आरोप है कि समझौता होने के बाद भी आरोपी युवक रंजिश पाले हुए थे. वे जानबूझकर मोहित के संपर्क में रहे और उसका भरोसा जीतने के लिए उसे अपने साथ हरिद्वार और खाटू श्याम मंदिर की यात्रा पर भी ले गए. परिजनों का दावा है कि आरोपी उसी दौरान हत्या का मौका तलाश रहे थे. लेकिन सफल नहीं हो पाए.

बर्थडे का बहाना और रात 3 बजे खूनी खेल

परिजनों के अनुसार, बुधवार रात को आरोपियों ने मोहित को यह कहकर बुलाया कि उनका जन्मदिन है और पार्टी करनी है. दोस्तों और करीबियों पर भरोसा कर मोहित चला गया. लेकिन देर रात करीब 3 बजे आरोपियों ने उसे घेर लिया और धारदार हथियारों से उसकी बलि चढ़ा दी. परिजनों का कहना है कि इस वारदात में सिर्फ एक-दो नहीं बल्कि कई युवक शामिल हैं जिन्होंने मिलकर मोहित की जान ली.

सड़क पर भारी आक्रोश

वारदात की खबर फैलते ही पूरे न्यू शांति नगर इलाके में हड़कंप मच गया. भारी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर चक्का जाम कर दिया. सूचना मिलते ही स्थानीय क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस, कमला हॉल चौकी प्रभारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल को सील कर वहाँ से फिंगरप्रिंट्स और खून के नमूने समेत कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मामले की कड़ियां जोड़ीं और तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले लिया है जिनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है.

गाजियाबाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले के सभी पहलुओं, पुरानी रंजिश और कॉल डिटेल्स की गहनता से जांच की जा रही है. हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर जल्द ही इस हत्याकांड का पूरी तरह से पर्दाफाश कर मुख्य आरोपियों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.