Unnao Road Accident: उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है. बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक्सप्रेसवे पर एक अनियंत्रित स्लीपर बस और अर्टिगा कार के बीच हुई भीषण भिड़ंत में दो मासूम बच्चियों समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे में कम से कम 12 लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं. इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया. पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ADVERTISEMENT
डिवाइडर पार कर कार से टकराई बस
बता दें कि यह हादसा बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 230.800 के पास सुबह करीब पौने चार बजे हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, हरियाणा से बिहार जा रही बिहार नंबर की एक स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित हो गई. रफ्तार तेज होने के कारण बस डिवाइडर पर चढ़ते हुए दूसरी लेन में चली गई. इसी दौरान गोरखपुर से मथुरा की ओर जा रही अर्टिगा कार की बस से सीधी और जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और कार दोनों एक्सप्रेसवे से करीब 12 फीट नीचे खंती में जा गिरीं. बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई. कार में कुल 9 लोग सवार थे जिनमें से 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
मृतकों और घायलों की स्थिति
इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग कार सवार थे जो गोरखपुर से मथुरा जा रहे थे. मृतकों की पहचान 13 वर्षीय दिव्या, 40 वर्षीय अंजू, 5 वर्षीय अमृता, 60 वर्षीय धुनमुन और 45 वर्षीय कार चालक विनोद के रूप में हुई है. हादसे में कार सवार चार अन्य लोग और बस में सवार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. सीएचसी बांगरमऊ अस्पताल के डॉक्टर सुनील राठौर ने बताया कि दुर्घटना के बाद कुल 17 लोगों को अस्पताल लाया गया था जिनमें से 5 लोग 'ब्रॉट डेड' थे. गंभीर रूप से घायल 5 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य 7 लोगों का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है.
मौके पहुंचे जिलाधिकारी घनश्याम मीना
हादसे की की जानकारी मिलते ही बांगरमऊ कोतवाली पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत राहत और बचाव कार्य में जुट गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी घनश्याम मीना और पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने खुद मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया. अधिकारियों ने राहत कार्यों का जायजा लिया और स्वास्थ्य विभाग को घायलों के बेहतर से बेहतर इलाज के निर्देश दिए.
क्या थी हादसे की वजह?
शुरुआती जांच और बस में सवार यात्रियों के बयानों से हादसे का कारण चालक को नींद की झपकी आना माना जा रहा है. बस में सवार यात्री पूनम देवी ने बताया कि जब वह सो रही थीं तभी अचानक बस अनियंत्रित होकर हिलने-डुलने लगी. उन्होंने घबराकर अपने परिजनों को इस बारे में बताया ही था कि कुछ ही पलों में बस नीचे 12 फीट गहरी खंती में जाकर पलट गई. फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT










