गाजियाबाद में नदीम और इब्राहिम संग स्विमिंग पूल जा रहा था जैद तभी नीली कार में बैठे राहुल ने कर दिया खौफनाक क्राइम, इस बीच क्या क्या हुआ?

Ghaziabad Crime News: गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर में मामूली रोड रेज विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया. मोहम्मद जैद उर्फ शारिक का कथित अपहरण कर बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. जानिए पूरी वारदात, पुलिस जांच और आरोपियों की तलाश से जुड़े ताजा अपडेट.

Ghaziabad Crime News

Ghaziabad Crime News

मयंक गौड़

• 02:39 PM • 30 Jun 2026

follow google news

Ghaziabad Crime News: गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर इलाके में रोड रेज का एक खौफनाक मामला सामने आया है. मुस्तफाबाद इलाके में कार और बाइक के बीच हुई एक बेहद मामूली टक्कर के बाद दबंगों ने मोहम्मद जैद उर्फ शारिक नाम के एक युवक को सरेराह अगवा किया और फिर एक प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर में बंधक बनाकर लात-घूंसों से पीट -पीटकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दफ्तर में ताला लगाकर फरार हो गए. इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है. पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और कातिलों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.

यह भी पढ़ें...

स्विमिंग पूल जा रहे थे दोस्त रास्ते में काल बनकर आई कार

क्राइम की इस खौफनाक स्क्रिप्ट की शुरुआत तब हुई जब मुस्तफाबाद का रहने वाला मोहम्मद जैद उर्फ शारिक अपने दो दोस्त नदीम और इब्राहिम के साथ स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से बेहटा स्थित एक स्विमिंग पूल में नहाने जा रहा था. चश्मदीद दोस्तों के मुताबिक, जैसे ही उनकी बाइक लोनी मेन रोड से बेहटा रोड की तरफ मुड़ी तभी सामने से आ रही एक नीले रंग की कार से उनकी बाइक की हल्की सी टक्कर हो गई. यह टक्कर इतनी मामूली थी कि बात आराम से सुलझ सकती थी. लेकिन कार सवार के सिर पर खून सवार था.

सरेराह किडनैपिंग और फिर मर्डर

मृतक के भाई शाकिर द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, कार रुकते ही उसमें से उतरे युवक ने बिना कुछ सोचे-समझे जैद पर थप्पड़ों की बरसात कर दी. इतने से भी जब उसका मन नहीं भरा तो वह जैद को जबरन खींचकर अपनी कार में डाल ले गया. आरोपी का दूसरा साथी जैद की बाइक लेकर मनीष प्रॉपर्टीज के कार्यालय पहुंचा और जैद के दोनों दोस्तों नदीम और इब्राहिम को भी फोन कर वहीं बुला लिया.

दोस्तों के सामने तड़पता रहा जैद

जब नदीम और इब्राहिम भागते हुए मनीष प्रॉपर्टीज के दफ्तर पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. जैद लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा था और राहुल नामक युवक उसे बेरहमी से लातों से मार रहा था और गंदी-गंदी गालियां दे रहा था. इस बर्बरता के बीच जैद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और बेहोश हो गया. घबराए दोस्तों ने उसके चेहरे पर पानी के छीटें मारे. लेकिन उसके शरीर में कोई हरकत नहीं हुई. इस दौरान आरोपी राहुल ने दोस्तों को भी धमकी देते हुए कहा 'इसे यहां से उठा ले जाओ, नहीं तो तुम्हें भी जान से मार देंगे.'

अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

डरे-सहमे दोस्त आनन-फानन में जैद को मोटरसाइकिल पर लादकर घर ले गए और फिर वहां से तुरंत दिल्ली के जीटीबी अस्पताल पहुंचाया. लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.डॉक्टरों ने जांच के बाद जैद को मृत घोषित कर दिया. मौत की पुष्टि होते ही जब बदहवास परिजन इंसाफ के लिए मनीष प्रॉपर्टीज के दफ्तर पहुंचे तो मुख्य आरोपी राहुल वहां से रफूचक्कर हो चुका था और दफ्तर पर बड़ा सा ताला लटका हुआ था.

हत्या की इस वारदात के बाद लोनी बॉर्डर थाना पुलिस और भारी फोर्स मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी का बयान के मुताबिक 'थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र में सूचना मिली थी कि मुस्तफाबाद के रहने वाले जैद की बाइक और एक कार में हल्की टक्कर हुई थी. इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हुआ और कार सवार युवकों ने जैद के साथ मारपीट की. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं. मामले में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.'

गाजियाबाद पुलिस के मुताबिक, यह मामला पूरी तरह से रोड रेज के बाद हुई मारपीट का है और मुख्य आरोपी राहुल समेत अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए सर्विलांस और मैनुअल इनपुट की मदद ली जा रही है. इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है.