Shamli News: उत्तर प्रदेश के शामली में प्रशासन ने एक ऐसे बैंक्वेट हॉल को गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी है, जिसे अवैध रूप से बनाया गया था. बताया जा रहा है कि इसी बैंक्वेट हॉल में कुछ दिन पहले एक शादी समारोह के दौरान कथित तौर पर बीफ परोसा गया था.
ADVERTISEMENT
मामला कैराना इलाके के 'मुगल बैंक्वेट हॉल' का है. शामली विकास प्राधिकरण के जूनियर इंजीनियर जगदेव सिंह ने बताया कि इस बिना मंजूरी के बने हॉल को पहले ही सील कर दिया गया था.
इसके साथ ही मालिक को नोटिस जारी कर पूछा गया था कि इस अवैध निर्माण को क्यों न गिराया जाए. लेकिन जब मालिक की तरफ से तय समय में कोई जवाब नहीं मिला, तो प्रशासन ने इसे ढहाने की अगली कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी.
बैंक्वेट हॉल पर क्यों हो रही है कार्रवाई?
शामली विकास प्राधिकरण के जूनियर इंजीनियर जगदेव सिंह के मुताबिक, कैराना में स्थित 'मुगल बैंक्वेट हॉल' का निर्माण अवैध रूप से किया गया था. प्रशासन ने पहले बैंक्वेट हॉल के मालिक को नोटिस भेजकर जवाब मांगा था कि इस अवैध इमारत को क्यों न गिराया जाए.
तय समय में मालिक की तरफ से कोई जवाब नहीं मिलने के बाद, प्रशासन ने इस बैंक्वेट हॉल को सील कर दिया है और अब इसे ढहाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
दूल्हे और मालिक समेत 4 लोग गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए अब तक 4 लोगों को गिरफ्तार किया है...
- फरमान (दूल्हा)
- सलमान (दूल्हे का चाचा)
- अनीस अहमद (बैंक्वेट हॉल का मालिक)
- खलील (खाना बनाने वाला रसोइया)
इसके अलावा, पुलिस ने उस कार को भी जब्त कर लिया है जो दूल्हे को तोहफे में मिली थी. आरोप है कि इसी कार का इस्तेमाल बीफ को लाने-ले जाने के लिए किया गया था.
कैसे खुला मामला?
पुलिस के अनुसार, उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि 18 जून को मुगल बैंक्वेट हॉल में आयोजित एक शादी के रिसेप्शन में मेहमानों को बीफ परोसा जा रहा है. जांच में सामने आया है कि यह मांस एक लावारिस गाय को काटकर लाया गया था. पुलिस फिलहाल मामले की आगे की जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT










