Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले से मुस्तैदी और सूझबूझ की एक ऐसी अनोखी कहानी सामने आई है, जिसने पूरे पुलिस महकमे का सिर फख्र से ऊंचा कर दिया है. संभल पुलिस की स्निफर डॉग और अपने बैच की गोल्ड मेडलिस्ट "मैरी" ने महज एक गमछे के सहारे 6 साल की मासूम बच्ची के साथ हुए खौफनाक ब्लाइंड रेप केस की गुत्थी को चंद घंटों में सुलझा दिया है. बता दें कि 5 दिन पहले हुए इस दिल दहला देने वाले मामले में पुलिस के पास आरोपी का कोई सुराग नहीं था लेकिन इस जासूस ने सिर्फ अपनी सूंघने की क्षमता से पुलिस को सीधे अपराधी के दरवाजे पर ले जाकर खड़ा कर दिया. इस कामयाबी से खुश होकर संभल के पुलिस अधीक्षक (SP) कृष्ण कुमार बिश्नोई ने न सिर्फ मैरी की पीठ थपथपाई, बल्कि खुद अपने हाथों से उसे 10 हजार रुपये का चेक दिया.
ADVERTISEMENT
जंगल में बेहोश मिली थी मासूम
यह पूरी घटना बबराला थाना इलाके की है जहां 18 जून को एक 6 साल मासूम बच्ची अपने घर से खेलने के लिए निकली थी. जब दो घंटे बाद भी वह वापस नहीं लौटी तो परेशान परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. खोजते-खोजते घर से करीब 300 मीटर दूर तालाब के पास जब परिजन पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए. मासूम बच्ची जंगल की झाड़ियों में लहुलूहान और बेहोशी की हालत में पड़ी हुई थी.
परिजनों ने तुरंत उसे गुन्नौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी. 18 जून की रात में ही बबराला थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटनास्थल को सील कर दिया. अगले दिन 19 जून की सुबह फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए, जहां से टीम को एक लावारिस गमछा बरामद हुआ. इसके बाद 20 जून को बच्ची के पिता की तहरीर पर पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया. यह मामला पूरी तरह ब्लाइंड था और आरोपी का कोई सुराग नहीं था, इसलिए एसपी केके बिश्नोई ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक्सपर्ट डॉग स्क्वायड टीम को मोर्चे पर लगा दिया.
गमछा सूंघते ही खेतों के रास्ते रेपिस्ट के घर जा पहुंची मैरी
केस हाथ में आते ही डॉग स्क्वायड की स्टार मैरी को घटनास्थल पर लाया गया. मामले से जुड़े वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे जांबाज मैरी खेतों और जंगलों के बीच से होकर आरोपी को ट्रैक कर रही है. वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि कैसे कुछ ही समय में पुलिस टीम को पीछे दौड़ाते हुए मैरी सीधे संदीप नाम के आरोपी के घर जाकर रुक गई.
जब पुलिस ने संदीप के घर पर दबिश दी तो परिजनों ने उसके घर पर होने से साफ इनकार कर दिया. मैरी के सटीक इशारे से पुलिस को यकीन हो गया था कि मुजरिम यही है. छानबीन और आसपास के लोगों से पूछताछ में यह साफ हो गया कि संदीप ही वह है जिसने मासूम को हवस का शिकार बनाया था और पुलिस की भनक लगते ही वह फरार हो गया था.
मुठभेड़ के बाद रेपिस्ट संदीप को किया गिरफ्तार
आरोपी की तलाश में जुटी बबराला थाना पुलिस को जल्द ही सफलता मिल गई. बबराला-रजपुरा मार्ग पर पुलिस की आरोपी संदीप से आमने-सामने मुठभेड़ हो गई. खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की कोशिश की लेकिन जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे दबोच लिया. आरोपी संदीप के पास से पुलिस ने एक अवैध तमंचा भी बरामद किया है. मुठभेड़ के दौरान घायल हुए आरोपी का फिलहाल अस्पताल में उपचार चल रहा है, वहीं पीड़ित बच्ची की हालत अब स्थिर बताई जा रही है.
एसपी ने मैरी को सौंपा 10 हजार का चेक
इस खौफनाक ब्लाइंड रेप केस का पर्दाफाश होने के बाद पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई बेहद खुश नजर आए. खुलासा करने के बाद की तस्वीरों में देखा जा सकता है कि एसपी ने खुद अपने हाथों से गोल्ड मेडलिस्ट मैरी को पकड़ाकर 10 हजार रुपये का चेक दिया.
एसपी केके विश्नोई ने क्या कहा?
"बबराला इलाके में 6 साल की बच्ची के साथ हुई इस जघन्य वारदात के बाद हमारे पास कोई चश्मदीद या सीधा सुराग नहीं था. घटनास्थल से सिर्फ एक गमछा मिला था. हमारी एक्सपर्ट डॉग 'मैरी' को जब वह गमछा सूंघाया गया तो उसने पूरी सटीकता के साथ ट्रैक करते हुए हमें संदीप नाम के व्यक्ति के घर तक पहुंचा दिया. आरोपी पुलिस को देखकर भाग गया था, जिसे कल देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है. मैरी अपने बैच की गोल्ड मेडलिस्ट रही है. इससे पहले उसने बिलासपुर के जंगल में हुए उस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री को सुलझाया था जिसमें दो जिलों की पुलिस परेशान थी और मैरी ने ही शव बरामद करवाए थे. संभल के एक और ब्लाइंड मर्डर का खुलासा भी इसी ने किया था. इसकी इस अद्भुत कार्यक्षमता के लिए इसे 10 हजार रुपये का इनाम दिया गया है."
यह भी पढ़ें: दीवार तोड़ बिल्डिंग के अंदर से निकालने पड़े शव... लखनऊ अग्निकांड की ये तस्वीरें डरा देंगी!
ADVERTISEMENT










