बागपत में सुहागरात पर नई नवेली दुल्हन ने दीपक को बता दी प्रेमी वाली बात, शादी के चार महीने बाद जो हुआ वो सुन हिल जाएंगे

बागपत में शादी के चार महीने बाद युवक ने अपनी जान दे दी. परिजनों ने पत्नी, उसके प्रेमी और ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना, धोखाधड़ी और समझौते के नाम पर पैसे वसूलने का आरोप लगाया है. पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Baghpat News

Baghpat News

मनुदेव उपाध्याय

• 03:37 PM • 25 Jun 2026

follow google news

बागपत की आदर्श गली में खुशियों की शहनाई गूंजी थी. घर में नई नवेली दुल्हन का आगमन हुआ था. दीपक ने अपनी आंखों में सात जन्मों के हसीन सपने संजोए थे. लेकिन उसे क्या पता था कि सुहागरात की पहली ही रात उसकी जिंदगी की सबसे बड़ी तबाही की शुरुआत साबित होगी. शादी के पवित्र मंडप से शुरू हुआ यह सफर महज चार महीने में ही हमेशा के लिए खत्म हो गया. आरोप है कि पत्नी की बेवफाई, प्रेमी के साथ आपत्तिजनक व्हाट्सएप चैट को देखकर दीपक ने अपनी जान दे दी. 

यह भी पढ़ें...

सुहागरात पर खुला पत्नी का राज

बागपत कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले दीपक की शादी 10 मार्च 2026 को सिंघावली अहीर क्षेत्र के जफराबाद नांगल गांव की रहने वाली गुड्डी के साथ हुई थी. शादी की पहली ही रात दुल्हन गुड्डी ने दीपक के सामने एक ऐसा सच उगला जिससे उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. गुड्डी ने साफ कह दिया कि वह किसी और से प्यार करती है. शुरुआत में दीपक ने इस कड़वे घूंट को पीकर भी अपने घर और रिश्ते को बचाने की हर मुमकिन कोशिश की.

व्हाट्सएप चैट ने तोड़ी उम्मीदें

रिश्ते को संभालने की कोशिशों के बीच एक दिन दीपक के हाथ गुड्डी का मोबाइल लग गया. मोबाइल में गुड्डी और उसके प्रेमी की आपत्तिजनक व्हाट्सएप चैट को देखकर दीपक की बची-कुची उम्मीदें भी चकनाचूर हो गईं. इस बात को लेकर जब विवाद बढ़ा तो गुड्डी के परिवार को बुलाया गया. इसके बाद गुड्डी अपने मायके चली गई और वापस आने से इनकार कर दिया.

मायके जाते ही लड़की के परिवार ने दीपक और उसके परिवार के खिलाफ पुलिस में शिकायतें दर्ज करानी शुरू कर दीं. कानूनी पचड़ों और समाज में बदनामी के डर का फायदा उठाकर ससुराल पक्ष ने समझौते का जाल बुझाया. आरोप है कि 22 जून 2026 को समझौते के नाम पर दीपक के परिवार से ढाई लाख रुपये की मोटी रकम ऐंठ ली गई.

पुलिस का दबाव और भाई का रोता हुआ बयान

मृतक दीपक के भाई राहुल कुमार ने रोते हुए इस पूरी कहानी का खुलासा किया है. राहुल कुमार के मुताबिक 'मेरे भाई ने अपनी बीवी और ससुराल वालों से तंग आकर जान दे दी है. उसकी बीवी का दूसरे लड़के से अफेयर था और यह बात लड़की के घरवालों को भी पता थी. जब मामला एसपी ऑफिस पहुंचा तो वहां मौजूद दरोगा ने हम पर दबाव बनाया कि लड़की पक्ष ने कई मुकदमे दर्ज कराए हैं. अगर फैसला नहीं किया तो जेल जाना पड़ेगा और मोटी रकम देनी होगी. पुलिस के इस खौफ से डरकर हमने ढाई लाख रुपये देकर समझौता किया. मेरे भाई ने उनके सामने हाथ भी जोड़े थे. लेकिन वे नहीं माने और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते रहे.'

अपमान और जुदाई बर्दाश्त नहीं कर पाया दीपक

ढाई लाख रुपये की वसूली, बीवी की जुदाई और समाज में हुए इस भयानक अपमान को दीपक बर्दाश्त नहीं कर पाया. यही वजह है कि उसने अपनी जान दे दी. फिलहाल मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी गुड्डी, उसके पिता सुंदर, मां मंजू समेत कुल 8 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है.