सिर पर सेहरा, गले में फूलों की माला, चेहरे पर निकाह की खुशी और हाथों में लोडेड पिस्टल... अपनी ही शादी में बेखौफ होकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने वाले एक दूल्हे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. महज 5 से 6 सेकंड के इस वीडियो में दूल्हा एक के बाद एक करीब 16 से 17 राउंड फायरिंग करता नजर आ रहा है. यह फिल्मी सीन जैसा दिखने वाला मामला उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर का है. दूल्हे ने सोचा था कि उसका यह रौब पुरानी बात बन चुका है. लेकिन 4 साल पुराने इस वीडियो ने अब उसकी रातों की नींद उड़ा दी है और पुलिस उसकी तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दे रही है.
ADVERTISEMENT
5 सेकंड में 17 राउंड फायरिंग
वायरल वीडियो में दिख रहा दूल्हा कैमरे के सामने बिल्कुल निडर होकर पिस्टल से एक के बाद एक कई राउंड गोलियां चलाता दिख रहा है. 5 से 6 सेकंड के भीतर जिस तरह से 16-17 बार ट्रिगर दबाया गया उससे ऐसा लग रहा है मानो गोलियां नहीं बल्कि खुशियां बरसाई जा रही हों. वीडियो में दूल्हे के आसपास शादी का जश्न मनाते लोग भी नजर आ रहे हैं.
साल 2022 की वीडियो अब बनी मुसीबत
पुलिस जांच में सामने आया है कि वीडियो में दिख रहे आरोपी दूल्हे का नाम शादाब है जो बुलंदशहर के खुरजा नगर स्थित मोहल्ला तरनान का रहने वाला है. यह वीडियो साल 2022 में उसके निकाह के दौरान बनाया गया था. लगभग 4 साल तक यह मामला दबा रहा. लेकिन 7 सितंबर को जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड हुआ, देखते ही देखते वायरल हो गया और पुलिस की नजर में आ गया.
पुलिस की कई टीमें कर रहीं तलाश
वीडियो सामने आने के बाद बुलंदशहर पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई. खुरजा नगर थाना पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में तत्काल FIR कर लिया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी शादाब की गिरफ्तारी और वारदात में इस्तेमाल अवैध/वैध असलहे की बरामदगी के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया गया है जो संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं.
हर्ष फायरिंग पर बैन के बावजूद कानून से खिलवाड़
अदालत और प्रशासन की सख्त पाबंदियों के बावजूद शादी-ब्याह में हर्ष फायरिंग के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. सोचिए अगर 5 सेकंड के भीतर दागी गई उन 17 गोलियों में से एक भी मिसफायर होकर किसी मेहमान या राहगीर को लग जाती तो खुशियों का माहौल मातम में बदल सकता था. फिलहाल 4 साल पुराना यह जश्न अब शादाब के लिए जेल जाने का जरिया बन चुका है.
ये भी पढ़ें: बीजेपी नेता मोहसिन रजा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, यूपी अल्पसंख्यक आयोग के बने अध्यक्ष
ADVERTISEMENT











