Shamli Religious Conversion Ayush Malik: उत्तर प्रदेश के शामली में धर्म परिवर्तन को लेकर चर्चा में आए आयुष मलिक मामले में बड़ा मोड़ सामने आया है. कुछ दिन पहले अपनी इच्छा से इस्लाम धर्म अपनाने का दावा करने वाले आयुष मलिक ने अब सोशल मीडिया पर नया वीडियो जारी कर दोबारा हिंदू धर्म में 'घर वापसी' का दावा किया है. कुछ दिनों पहले एक वीडियो सामने आया था जिसमें आयुष को मोहम्मद अली बताया गया था. अब जो वीडियो सामने आया है उसमें उन्होंने कहा कि परिवार की भावनाओं और अपने माता-पिता की स्थिति को देखते हुए उन्होंने अपनी मर्जी से सनातन धर्म में लौटने का फैसला किया है. हालांकि, वायरल वीडियो में किए गए दावों की अभी तक पुलिस या जिला प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
ADVERTISEMENT
वीडियो में कही ये बड़ी बात
करीब दो मिनट से अधिक लंबे वायरल वीडियो में आयुष मलिक अपने घर के मंदिर में भगवान हनुमान की पूजा-अर्चना करते दिखाई दे रहे हैं. पूजा के बाद वह अपने माता-पिता के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लेते भी नजर आते हैं. वीडियो में आयुष कहते हैं 'मेरा नाम आयुष मलिक है. मैं इस्लाम में चला गया था. मैंने धर्म परिवर्तन कर लिया था. लेकिन मैंने आप सभी की परेशानी और अपने परिवार की स्थिति को देखते हुए, अपनी मर्जी से दोबारा अपने परिवार और हिंदू धर्म में वापस आने का फैसला किया है. मैं अपने पापा के प्यार और उनके साए में रहना चाहता हूं. आप सभी मुझे माफ कर दें.' इससे पहले आयुष ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि उन्होंने अपनी इच्छा से इस्लाम धर्म अपनाया था, जिसके बाद पूरे जिले में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर विवाद खड़ा हो गया था.
पिता ने भी जारी किया वीडियो
इस घटनाक्रम के बीच आयुष के पिता और दवा कारोबारी देवराज मलिक ने भी एक वीडियो जारी किया है. उन्होंने इस कठिन समय में उनके परिवार का साथ देने वाले लोगों और विभिन्न हिंदू संगठनों का आभार जताया. पिता और पुत्र दोनों के वीडियो सामने आने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है. सोशल मीडिया पर भी दोनों वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं और लोग इस पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं.
प्रशासन की पुष्टि अभी बाकी
आयुष मलिक के नए वीडियो के बाद मामले ने फिर से सियासी और सामाजिक बहस को तेज कर दिया है. हालांकि, अब तक पुलिस या जिला प्रशासन की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. ऐसे में वायरल वीडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है. प्रशासन के आधिकारिक पक्ष का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही पूरे मामले की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.
ADVERTISEMENT










