जीजा से बात करते हुए पति ने पकड़ा... बिजनौर में 50 दिन पहले ही हुई थी 22 साल की सोनम की शादी, मौत की वजह बनी पहेली

संजीव शर्मा

• 05:22 PM • 24 Jun 2026

Bijnor Crime News: बिजनौर में शादी के डेढ़ महीने बाद 22 वर्षीय सोनम की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई. परिजनों ने दहेज उत्पीड़न और मारपीट का आरोप लगाया है. पुलिस ने पति व ससुराल पक्ष के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Bijnor Crime News

Bijnor Crime News

Google CTA

Bijnor Crime News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने शादी जैसे पवित्र रिश्ते पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अफजलगढ़ के गांव शिवपुरी से महज डेढ़ महीने पहले जिस बेटी की विदाई ढोल-नगाड़ों, खुशियों और दुआओं के बीच हुई थी आज उसी घर में सन्नाटा, चीखें और मातम पसरा हुआ है. चांदपुर ब्याही गई 22 साल की सोनम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई.  मृतका की मां और पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज से नाखुश था और जीजा से फोन पर बात करने जैसी मामूली बात को लेकर सोनम पर गंभीर लांछन और शक करते हुए उसे बेरहमी से पीटा जाता था. पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति और ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें...

30 अप्रैल को अरमानों के साथ हुई थी शादी

बिजनौर के अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम शिवपुरी रहने वाले कन्हैया सिंह ने अपनी 22 साल की बेटी सोनम की शादी बड़ी ही धूमधाम और अरमानों के साथ 30 अप्रैल को चांदपुर के रहने वाले टीकाराम के साथ की थी. पिता के मुताबिक शादी में हर जरूरी इंतजाम किए गए थे. लेकिन आरोप है कि विदाई के बाद से ही ससुराल वाले मिले सामान और दहेज से संतुष्ट नहीं थे और सोनम को लगातार तानों का सामना करना पड़ रहा था.

'जीजा से बात करने पर की मारपीट'

सोनम की मां लक्ष्मी देवी ने रोते हुए अपनी बेटी की प्रताड़ना का वो खौफनाक सच बयां किया जो उसने फोन पर बताया था कि 'शादी के करीब 15 दिन बाद ही बेटी का रोते हुए फोन आया था. उसने बताया कि उसके पति ने उसके साथ बुरी तरह मारपीट की है. वजह सिर्फ इतनी थी कि वह अपने जीजा से फोन पर बात कर रही थी. पति ने साफ कह दिया था कि तू गलत है, तू जीजा से बात करती है, मुझे तुझे अपने पास रखना नहीं है. इसके बाद हम दोनों (पति-पत्नी) वहां गए उनके पैर तक पकड़े कि सब ठीक हो जाए. हमने बेटी को भी समझाया कि वक्त के साथ हालात सुधर जाएंगे, पर हमें नहीं पता था कि वो लोग अंदर ही अंदर हमारी बच्ची को खत्म कर देंगे.'

इस पूरे मामले पर चांदपुर थाना पुलिस ने बताया कि '23 जून 2026 की शाम करीब 7 बजे थाना चांदपुर पर सूचना मिली कि कस्बा चांदपुर के एक मोहल्ले की रहने वाली 22 साल की महिला की इलाज के दौरान अस्पताल में मृत्यु हो गई है. जांच में सामने आया कि महिला की शादी करीब डेढ़ महीना पहले हुई थी. 22 जून 2026 की सुबह करीब 10:00 बजे किसी घरेलू विवाद के चलते महिला ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था. इसके बाद उसके पति द्वारा उसे तुरंत इलाज के लिए धनौरी अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उपचार के दौरान उसकी दुखद मृत्यु हो गई. पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. परिजनों की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.'

मायके वालों ने लगाया हत्या और प्रताड़ना का आरोप

मृतका के पिता कन्हैया सिंह का साफ आरोप है कि दहेज की बढ़ती मांग और बेवजह के मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न के कारण ही उनकी बेटी की जान गई है या उसे मजबूर किया गया है. जिस मां ने कुछ ही दिन पहले बेटी को दुल्हन बनाकर विदा किया था. आज वो उसकी तस्वीर सीने से लगाकर इंसाफ की भीख मांग रही है.