उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले की टूण्डला पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश किया है. यहां एक नातिन ने अपने प्यार के रास्ते में रोड़ा बन रहे सगे बाबा को ही रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली. प्रेमिका के इशारे पर प्रेमी ने बुजुर्ग बाबा की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी और पहचान मिटाने के लिए शव को आग के हवाले कर दिया. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी प्रेमी और साजिशकर्ता नातिन को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हुए चाकू और खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं.
ADVERTISEMENT
खून से सना था शादी का सपना
यह दिल दहला देने वाली वारदात टूण्डला थाना क्षेत्र की है. पुलिस के मुताबिक, मृतक ब्रह्मऋषि उर्फ नरेन्द्र पाल सिंह की नातिन और शिकोहाबाद के गांव डाहिनी के रहने वाले विपिन एक-दूसरे से बेहद प्यार करते थे और शादी करना चाहते थे. लेकिन इस शादी में युवती के बाबा ब्रह्मऋषि सबसे बड़ी बाधा बने हुए थे. बस इसी बात से नाराज होकर दोनों ने बुजुर्ग को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का मन बना लिया. मृतक की पत्नी ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया था कि उनकी नातिन और उसके प्रेमी विपिन ने अपनी मर्जी से शादी करने के लिए इस भयावह साजिश को अंजाम दिया है.
आधी रात को चाकू से किए ताबड़तोड़ वार
बीती 24/25 जून 2026 की रात जब पूरा इलाका सो रहा था तब इस खौफनाक वारदात की स्क्रिप्ट लिखी गई. नातिन से हरी झंडी मिलने के बाद प्रेमी विपिन आधी रात को बुजुर्ग के पास पहुंचा. विपिन ने सोते हुए बुजुर्ग ब्रह्मऋषि पर चाकू से एक के बाद एक तीन ताबड़तोड़ वार किए जिससे मौके पर ही उनकी तड़प-तड़प कर मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घबराया नहीं बल्कि उसने साक्ष्य और मृतक की पहचान मिटाने के उद्देश्य से शव में आग लगा दी और मौके से फरार हो गया.
टावर के पीछे से दबोचा गया कातिल
सीओ टूंडला, अरुण चौरसिया ने बताया कि 'थाना टूण्डला में दर्ज मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी विपिन को बन्ना रोड स्थित एफएच मेडिकल कॉलेज के पीछे टावर के पास से गिरफ्तार किया है. पूछताछ में उसने अपनी प्रेमिका के कहने पर हत्या की बात कबूल की है. हत्या की साजिश रचने के आरोप में युवती को भी ग्राम मोहम्मदाबाद से गिरफ्तार कर लिया गया है.'
ADVERTISEMENT











