Jaunpur Live-In Murder Case: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़ा एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है. जानकारी के मुताबिक मोबाइल में मौजूद व्हाट्सऐप चैट को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर की हत्या कर दी. आरोप है कि वारदात के बाद उसने पहचान छिपाने की कोशिश में शव के तीन टुकड़े किए और उन्हें अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया. पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर करीब 14 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया.
ADVERTISEMENT
शौहर को छोड़ प्रेमी के साथ रह रही थी महिला
जानकारी के अनुसार यह मामला मड़ियाहूं थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक गुजरात के भावनगर निवासी हेमल खखरिया उर्फ दिलीप वर्तमान में जौनपुर की टीचर्स कॉलोनी में रह रहा था. करीब दो महीने पहले उसकी मुलाकात रेशमा खातून उर्फ सना से हुई थी. बताया जा रहा है कि रेशमा अपने शौहर को छोड़कर हेमल के साथ रहने लगी थी. उसने हेमल को जौनपुर बुलाकर नौकरी भी दिलाई थी. 4 जुलाई को हेमल उसे वाराणसी के बाबतपुर से अपने किराये के कमरे पर लेकर आया था. इसी दौरान दोनों के बीच मोबाइल चैट को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो बाद में खूनी वारदात में बदल गया.
फिर सबूत मिटाने की कोशिश
जानकारी के मुताबिक विवाद बढ़ने के बाद आरोपी ने रात में सो रही रेशमा की गला रेतकर हत्या कर दी. इसके बाद उसने बाजार से काली पन्नी खरीदी और गड़ासे की मदद से शव के तीन हिस्से कर दिए. पुलिस के अनुसार, धड़ को रानीपुर बाईपास के पास फेंका गया, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों को रामनगर ब्लॉक मोड़ के समीप पुलिया के पास अलग-अलग स्थानों पर छोड़ दिया गया. रविवार सुबह धड़ मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस ने जांच तेज कर दी.
परिजनों ने लगाए नए आरोप
पुलिस के मुताबिक, जब आरोपी को यह पता चला कि शव का एक हिस्सा बरामद हो चुका है तो वह बाकी हिस्सों को ठिकाने लगाने के लिए देर रात फिर बाहर निकला. इसी दौरान मड़ियाहूं पुलिस और सीओ विजय चौधरी की टीम ने उसकी घेराबंदी की. पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देखकर आरोपी ने फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी. घायल अवस्था में उसे हिरासत में लेकर अस्पताल भेजा गया, जहां पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. दूसरी ओर, मृतका के शौहर रहीम खान ने शव के आधार पर उसकी पहचान की. वहीं, परिजनों ने आरोप लगाया है कि इस वारदात में हेमल के साथ पांच अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं. पुलिस का कहना है कि इस पहलू की भी जांच की जा रही है.
(आज तक के इनपुट से)
ADVERTISEMENT











