कासगंज में शादी का कार्ड देने के बहाने घर में घुसे 3 बदमाश और दंपती को बनाया लिया बंधक...फिर जो हुआ वो होश उड़ा देगा!

देवेश सिंह

04 Jul 2026 (अपडेटेड: 04 Jul 2026, 02:50 PM)

Kasganj Robbery Attempt: उत्तर प्रदेश के कासगंज के पटियाली कस्बे में शादी का कार्ड देने के बहाने घर में घुसे तीन बदमाशों ने दंपती को बंधक बनाने की कोशिश की. सूचना मिलते ही पुलिस ने मकान की घेराबंदी कर मुठभेड़ की.

UP Tak
Google CTA

Kasganj Robbery Attempt: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. पटियाली कस्बे में शुक्रवार शाम शादी का कार्ड देने के बहाने एक घर में घुसे तीन हथियारबंद बदमाशों ने दंपती को बंधक बनाने का प्रयास किया. पीड़ित परिवार की सूझबूझ और चीख-पुकार सुनकर जुटे पड़ोसियों के कारण बदमाश घर के अंदर ही फंस गए. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे मकान की घेराबंदी कर साहसिक ऑपरेशन चलाया. इस दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीसरा आरोपी मकान की तीसरी मंजिल से कूदकर भागने के प्रयास में चोटिल हो गया. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं पीड़ित दंपती सुरक्षित हैं.

यह भी पढ़ें...

शादी का कार्ड देने के बहाने दिया वारदात को अंजाम

घटना पटियाली कस्बे के गंजडुंडवारा रोड (गंज पटियाली मार्ग) स्थित एक एकांत मकान की है. इस मकान में राहुल यादव अपनी पत्नी टिंकी यादव और 10 वर्षीय बेटे के साथ पिछले करीब दो साल से रह रहे हैं. शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से तीन अज्ञात बदमाश उनके घर पहुंचे. बदमाशों ने दरवाजा खटखटाया और आवाज देकर कहा कि वे उनकी रिश्तेदारी से शादी का कार्ड देने आए हैं. जैसे ही राहुल यादव ने दरवाजा खोला, बदमाशों अंदर घुस गए और बातचीत  के दौरान ही अचानक तमंचे की बट से राहुल के सिर पर जोरदार हमला कर दिया. हमले में राहुल लहूलुहान होकर अचेत होने लगे. पति पर हमला होते देख उनकी पत्नी टिंकी यादव भी नीचे आ गईं. बदमाशों ने दंपती को बंधक बनाने का प्रयास किया.

दंपती ने दिखाया साहस

इन परिस्थितियों में भी पीड़ित दंपती ने गजब का साहस दिखाया. उन्होंने किसी तरह खुद को बदमाशों के चंगुल से छुड़ाया और शोर मचाना शुरू कर दिया. राहुल और उनकी पत्नी ने सूझबूझ से काम लेते हुए बदमाशों को घर के अंदर ही छोड़ दिया और खुद बाहर निकलकर मकान का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद कर दिया.

शोर सुनकर आसपास के लोग और मैदान में बकरियां चरा रहे स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर जुट गए. भीड़ इकट्ठा होते देख घबराया एक बदमाश पकड़े जाने के डर से मकान की तीसरी मंजिल से नीचे कूद गया, जिससे वह घायल हो गया. वहीं बाकी के दो बदमाश मकान के अंदर ही फंसे रह गए. पीड़ित राहुल यादव ने तुरंत इस घटना की सूचना स्थानीय पुलिस और उच्च अधिकारियों को फोन पर दी.

पुलिस और बदमाशों की हुई मुठभेड़

दिनदहाड़े बंधक बनाने और लूट के प्रयास की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई थानों का भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. इंस्पेक्टर अजयवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सबसे पहले मौके पर जमा अत्यधिक भीड़ को नियंत्रित कर हटाया. इसके बाद पुलिस कर्मियों ने बुलेटप्रूफ जैकेट और आवश्यक सुरक्षा उपकरण पहनकर सीढ़ी के सहारे मकान की ऊपरी मंजिल पर चढ़ना शुरू किया.

पुलिस बल ने मकान के भीतर छिपे बदमाशों को चारों तरफ से घिर जाने की चेतावनी दी और आत्मसमर्पण करने को कहा. लेकिन बदमाशों ने खुद को फंसता देख पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी. बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए करीब चार राउंड फायर किए. पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे वहीं ढेर हो गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें दबोच लिया.

जांच में जुटी पुलिस 

मुठभेड़ में घायल हुए दोनों बदमाशों की पहचान 19 वर्षीय अभिषेक और 20 वर्षीय विकास के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों घायल बदमाशों को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पटियाली भेजा जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है. वहीं तीसरी मंजिल से कूदकर घायल हुए तीसरे आरोपी को भी पुलिस ने पहले ही हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचा दिया था.

घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित परिवार की ओर से दी जा रही तहरीर के आधार पर पटियाली थाने में उचित और गंभीर धाराओं के तहत अभियोग (FIR) पंजीकृत किया जा रहा है. फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और पुलिस उनके आपराधिक इतिहास, इस घटना के मुख्य मकसद और उनके किसी अन्य साथी की संलिप्तता की गहनता से जांच कर रही है. विस्तृत जांच के बाद मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: यूपी में योगी सरकार का बड़ा तोहफा! EV चार्जिंग पर मिलेगी 20% छूट, जानें कौन उठा सकता है फायदा?