मुझे छुआ तो हत्या कर दूंगी, मैं किसी और की अमानत हूं... शादी के बाद जब एक दूल्हा सुहागरात के लिए कमरे में गया तो उसे यह खौफनाक धमकी सुनने को मिली. अमूमन फिल्मों में दिखने वाला यह हाई-वोल्टेज ड्रामा उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में हकीकत में तब्दील हो गया. शादी की पहली ही रात दुल्हन ने पति के सामने साफ कर दिया कि उसका दिल किसी और के लिए धड़कता है. हालांकि इसके बाद जो हुआ उसने इस डरावनी शुरुआत को एक बेहद अनोखे और शांतिपूर्ण अंत तक पहुंचा दिया जिसकी चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है..
ADVERTISEMENT
शहनाई की गूंज और सुहागरात का सस्पेंस
दरअसल, यह पूरा मामला हापुड़ के एक परिवार से जुड़ा है. बीती 25 जून 2026 को पूरे रीति-रिवाज, नाच-गाने और धूमधाम के साथ युवक-युवती का विवाह संपन्न हुआ था. दुल्हन विदा होकर ससुराल आ चुकी थी. लेकिन विदाई के आंसुओं के पीछे एक गहरा राज छिपा था.
जैसे ही सुहागरात की रात दूल्हा कमरे में पहुंचा वैसे ही दुल्हन ने दूरी बना ली. उसने दो टूक शब्दों में दूल्हे को चेतावनी दे दी कि वह किसी और से प्रेम करती है और घरवालों ने उसकी मर्जी के खिलाफ जबरन यह शादी कराई है. दुल्हन ने साफ कह दिया कि वह उसके साथ वैवाहिक जीवन नहीं बिता सकती.
दूल्हे ने आपा खोने के बजाय दिखाया बड़ा दिल
धमकी सुनकर जहां कोई भी हैरान या गुस्से से लाल हो जाता. वहीं इस दूल्हे ने गजब के धैर्य और समझदारी का परिचय दिया. उसने दुल्हन से झगड़ा या विवाद करने के बजाय तुरंत इस बात की जानकारी अपने और दुल्हन के परिवार वालों को दी. सुहागरात के कमरे से निकला यह सच जैसे ही दोनों परिवारों के बीच पहुंचा, हड़कंप मच गया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच सुलह और समझौते के लिए कई दौर की बातचीत हुई. जब यह साफ हो गया कि दुल्हन अपने फैसले से टस से मस होने को तैयार नहीं है तो 28 जून को दोनों परिवारों ने एक बड़ा और अनोखा फैसला लिया.
प्रेमी को बुलाया और सौंप दी अमानत
महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरुणा राय ने बताया कि 'युवक के परिजनों की ओर से शिकायत मिली थी कि विवाह के बाद युवती उसके साथ नहीं रहना चाहती. दोनों पक्षों की आपसी सहमति से इस मामले का बेहद शांतिपूर्ण तरीके से निस्तारण करा दिया गया है.'
दोनों परिवारों की रजामंदी के बाद लड़की के प्रेमी को बुलाया गया. इसके बाद दुल्हन को उसकी मर्जी के मुताबिक उसके प्रेमी के साथ विदा कर दिया गया. हालांकि भविष्य में किसी भी कानूनी पचड़े या विवाद से बचने के लिए दूल्हे और उसके पिता ने महिला थाने पहुंचकर पूरे मामले की लिखित जानकारी पुलिस को दे दी है. पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया है और किसी भी तरफ से कोई आपराधिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.
ADVERTISEMENT











