Kannauj Gold Smuggling Case: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर एक सड़क हादसे ने पुलिस के सामने सोने की कथित तस्करी का बड़ा राज खोल दिया. कांवड़ ड्यूटी से लौट रही पुलिस की गाड़ी की एक ब्रेजा कार से टक्कर हो गई. हादसे के बाद पुलिसकर्मी कार सवार युवकों का हालचाल पूछने पहुंचे, लेकिन उनकी घबराहट ने शक पैदा कर दिया. तलाशी लेने पर कार के अंदर रखे बैग से करीब 10 किलो वजन की सोने की एक बड़ी ईंट बरामद हुई. पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
रात करीब 2 बजे हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि सकरावा थाना प्रभारी शुक्रवार रात करीब 2 बजे अपने हमराह सिपाहियों के साथ कांवड़ यात्रा की ड्यूटी पूरी कर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के 171 किलोमीटर प्वाइंट के पास उनकी पुलिस गाड़ी की ब्रेजा कार से टक्कर हो गई. दुर्घटना के बाद पुलिसकर्मी तुरंत कार के पास पहुंचे और उसमें सवार दोनों युवकों से उनकी हालत के बारे में जानकारी ली. इस दौरान दोनों युवकों का व्यवहार पुलिस को सामान्य नहीं लगा.
युवकों की घबराहट ने बढ़ाया शक
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद कार सवार दोनों युवक कथित तौर पर घबराए हुए नजर आए. उनकी गतिविधियों और व्यवहार को देखते हुए पुलिसकर्मियों को किसी अनहोनी का संदेह हुआ. इसके बाद पुलिस ने ब्रेजा कार की तलाशी लेने का फैसला किया. तलाशी के दौरान कार के अंदर एक बैग मिला, जिसे खोलने पर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए.
बैग खोलते ही मिली सोने की बड़ी ईंट
पुलिस को बैग से सोने की एक बड़ी ईंट बरामद हुई, जिसका वजन करीब 10 किलोग्राम बताया जा रहा है. इतनी बड़ी मात्रा में सोना मिलने के बाद दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया गया और ब्रेजा कार को भी कब्जे में ले लिया गया. मामले की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा. दोनों युवकों को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हिरासत में लिए गए युवकों में एक महाराजगंज का रहने वाला है, जबकि दूसरा नेपाल का निवासी बताया जा रहा है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उनके पास इतनी बड़ी मात्रा में सोना कहां से आया और इसे लेकर उनके पास कोई वैध दस्तावेज मौजूद हैं या नहीं. बरामद सोने की शुद्धता और कीमत का भी आकलन कराया जा रहा है.
नेपाल से दिल्ली तक तस्करी का शक
पुलिस को आशंका है कि बरामद सोना नेपाल से तस्करी के जरिए दिल्ली ले जाया जा रहा था. हालांकि, सोने का असली स्रोत क्या है, इसे किसे सौंपा जाना था और इसके पीछे किसी बड़े तस्करी नेटवर्क की भूमिका है या नहीं, इन सवालों के जवाब जांच के बाद सामने आएंगे. फिलहाल दोनों युवकों से पूछताछ जारी है.
ADVERTISEMENT











