Baghpat Murder Case: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के मितली गांव से दोस्ती और विश्वासघात का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहाँ एक महिला के तीन प्रेमियों ने मिलकर उसके पति को रास्ते से हटा दिया. 2 मई की सुबह एक ट्यूबवेल के पास मूलचंद उर्फ सोनू का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. सोनू गांव में फास्ट फूड की दुकान चलाता था. शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने जब तह तक पहुंचकर पड़ताल की तो जो सच सामने आया, उसने सभी को स्तब्ध कर दिया. पता चला कि सोनू की हत्या किसी अजनबी ने नहीं, बल्कि उसके ही करीबी दोस्तों विशाल, दीपक और रिंकू ने मिलकर की थी जोकि उसके पति के प्रेमी थे.
ADVERTISEMENT
सोनू को बीयर पार्टी के लिए बुलाया था
पुलिस के अनुसार सोनू की पत्नी का इन तीनों दोस्तों के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. सोनू इन तीनों के बीच कांटा बन रहा था, इसलिए उन्होंने उसे जान से मारने की खौफनाक साजिश रची. आरोपियों ने सोनू को रास्ते से हटाने के लिए उसे एक ट्यूबवेल पर बीयर पार्टी के लिए बुलाया. सोनू अपने दोस्तों पर भरोसा करके वहां चला गया. वहां चारों ने मिलकर काफी देर तक शराब और बीयर पी. जैसे ही सोनू नशे में पूरी तरह धुत्त हो गया, तीनों ने मिलकर हमला कर दिया. पास पड़ी ईंट उठाकर उसके सिर पर तब तक वार किए, जब तक उसकी जान नहीं निकल गई.
पुलिस की कार्रवाई और खुलासा
घटना की सूचना मिलते ही बागपत एसपी सूरज राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की. घटनास्थल के सबूतों और कॉल रिकॉर्ड्स की मदद से पुलिस इन तीनों तक पहुंच गई. एसपी बागपत के मुताबिक: "पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है. उन्होंने बताया कि सोनू की पत्नी से अपने संबंधों के चलते उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी ईंट भी बरामद कर ली है.
ADVERTISEMENT









