शादी वाले दिन ही दूल्हा आजाद बिंद को मारी गई 3 गोली, फिर सामने आई दुल्हन के रिश्तेदार प्रदीप वाली कहानी

Jaunpur Crime News: जौनपुर में शादी की खुशियां मातम में बदलीं. बारात लेकर जा रहे दूल्हे आजाद बिंद की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. जांच में दुल्हन का रिश्तेदार मास्टरमाइंड निकला. पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.

Jaunpur Groom murder: सांकेतिक तस्वीर

आदित्य भारद्वाज

02 May 2026 (अपडेटेड: 02 May 2026, 01:00 PM)

follow google news

Jaunpur Crime News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. खेतासराय थाना क्षेत्र में दूल्हा बना आजाद बिंद कार में बैठकर शादी के लिए जा रहा था. आजाद की गाड़ी के पीछे सभी बाराती बैंड बाजे पर झूमते नाचते जा रहे थे. तभी घर से कुछ ही दूरी पर बाइक सवार दो बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग करते हुए हुए आजाद क हत्या कर दी. इस हत्याकांड के बाद शादी की सारी खुशियां एक पल में मातम में बदल गईं. पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि इस हत्या का असली मास्टरमाइंड दुल्हन का एक रिश्तेदार प्रदीप है जो इस शादी से नाराज बताया जा रहा था. 

यह भी पढ़ें...

दूल्हे की चलती कार पर अंधाधुंध फायरिंग

सरायख्वाजा के रहने वाले आजाद बिंद की शादी बीबीपुर गांव में तय हुई थी. शाम को धूमधाम से बारात निकली. लेकिन मनेच्छा बादशाही मार्ग पर अचानक चीख-पुकार मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने कार के सामने से आकर निशाना साधते हुए तीन राउंड फायरिंग की. गोली लगने के बाद कार में हड़कंप मच गया और आरोपी मौके से फरार हो गए. हमले के तुरंत बाद खून से लथपथ आजाद को अस्पताल ले जाया गया. लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. कार में मौजूद चश्मदीदों ने बताया कि गोली लगने के बाद आजाद को अपनी मौत का अहसास हो गया था और वह बार-बार कह रहा था कि वह नहीं बचेगा. 

2 दिन पहले मिली थी धमकी

इस हत्याकांड के बाद मृतक की बहन ने बड़ा खुलासा किया है. उसने बताया कि दो दिन पहले ही आजाद को धमकी मिली थी कि शादी में बवाल होगा. यहां तक कि मां ने पुलिस को सूचना देने की बात भी कही थी. लेकिन परिवार को लगा कि लड़की पक्ष के लोग साथ होंगे तो सब ठीक रहेगा. पिता राम लखन ने भी बताया कि तीन साल पहले भी उनके परिवार पर हमला कर हाथ-पैर तोड़ने की कोशिश की गई थी.

एकतरफा सनक ने ली जान?

एसपी कुंवर सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हत्या की वजह शादी से नाराजगी थी. पुलिस के मुताबिक, लड़की के एक रिश्तेदार प्रदीप ने अपने साथी रवि के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. प्रदीप इस शादी के खिलाफ था और इसी खुन्नस में उसने आजाद को रास्ते से हटा दिया. फिलहाल पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. इस घटना के बाद से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और गांव में भारी पुलिस बल तैनात है.