आजाद बिंद दूल्हा बन कार में बैठ बारात ले जा रहा था, तभी जबड़े में जा लगी गोली... खौफनाक कांड की कहानी

Jaunpur Murder News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में शुक्रवार देर रात एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया. बारात लेकर जा रहे दूल्हे की बीच रास्ते गोली मारकर हत्या कर दी गई.

Jaunpur Murder News

आदित्य भारद्वाज

03 May 2026 (अपडेटेड: 03 May 2026, 12:54 PM)

follow google news

UP News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में शुक्रवार देर रात एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया. बारात लेकर जा रहे दूल्हे की बीच रास्ते गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस पूरी साजिश में दुल्हन के ही एक रिश्तेदार की भूमिका सामने आई है, जिस पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है. शादी के घर में उस समय रोशनी और खुशी का माहौल था. ढोल-नगाड़ों की थाप पर बाराती झूम रहे थे. फूलों से सजी कार में बैठा दूल्हा आजाद बिंद अपनी नई जिंदगी की शुरुआत के सपने लेकर बारात में निकला था. किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सफर शादी के मंडप तक नहीं, बल्कि मौत तक पहुंच जाएगा. घर से करीब 5 किलोमीटर दूर दूल्हे की कार पर हमला कर उसकी हत्या कर दी गई.

यह भी पढ़ें...

सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़अउर गांव के रहने वाले आजाद बिंद की शादी खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव की युवती से तय हुई थी. घर में लंबे समय से तैयारियां चल रही थीं और बारात पूरे उत्साह के साथ निकली थी. दूल्हा फूलों से सजी कार में सवार था, जबकि परिवार और बाराती पीछे-पीछे चल रहे थे. लेकिन नेशनल हाईवे पर पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया. जैसे ही दूल्हे की कार मौके पर पहुंची, बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. एक गोली कार की विंडशील्ड को भेदते हुए सीधे आजाद बिंद के सीने में जा धंसी, जबकि दूसरी गोली उसके जबड़े को चीरते हुए निकल गई. कुछ ही पलों में खुशियों से भरी बारात चीख-पुकार में बदल गई और हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. गंभीर रूप से घायल दूल्हे को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया. लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और जिस घर में शहनाइयों की गूंज होनी थी, वहां मातम पसर गया.

दो दिन पहले दी गई थी धमकी

पुलिस जांच में सामने आया कि दुल्हन का रिश्तेदार प्रदीप बिंद इस शादी से नाराज था. उसने दूल्हे आजाद बिंद को दो दिन पहले ही शादी न करने की धमकी दी थी. मामले की जांच के दौरान दुल्हन को भी थाने बुलाकर पूछताछ की गई. उसके मोबाइल की जांच में कई अहम जानकारियां सामने आईं. पूछताछ में दुल्हन ने बताया कि उसका रिश्तेदार प्रदीप शादी से असंतुष्ट था और इसी कारण उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची. जांच में यह भी पता चला कि आरोपी प्रदीप बिंद का आपराधिक इतिहास रहा है. उस पर पहले भी हत्या का आरोप है. साल 2025 में जौनपुर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र में गोपाल शर्मा नामक व्यक्ति की सुपारी देकर हत्या कराई गई थी. इस वारदात के लिए 8 लाख रुपये की डील हुई थी और हथियार व कारतूस भी खरीदे गए थे. उस मामले में प्रदीप जमानत पर बाहर था.

पुलिस ने घोषित किया इनाम

मुख्य आरोपी प्रदीप बिंद और उसका साथी रवि यादव फिलहाल फरार हैं. दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है. इसके अलावा तीसरे आरोपी भोला राजभर की तलाश भी जारी है. वहीं पुलिस की कई टीमें लगातार कई जगह दबिश भी दे रही हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि आजाद बिंद को दो गोलियां लगी थीं. एक गोली पीठ से होकर सीने में फंस गई, जबकि दूसरी गोली जबड़े को चीरते हुए बाहर निकल गई. बता दें शनिवार शाम कड़ी सुरक्षा के बीच शव का अंतिम संस्कार कराया गया.
जौनपुर एसपी कुंवर सिंह ने बताया कि शादी से नाराज दुल्हन के रिश्तेदार ने इस पूरी वारदात को अंजाम दिया. परिजनों की तहरीर के आधार पर प्रदीप बिंद और उसके दो साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. तीसरे आरोपी की पहचान जपटापुर निवासी भोला राजभर के रूप में हुई है, जबकि प्रदीप और रवि की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं.