Ambedkar Nagar Encounter: उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर में सोमवार की सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई एक बड़ी मुठभेड़ में पांच लोगों की हत्या का मुख्य आरोपी आमिर मारा गया. आरोपी ने एक ही परिवार के चार मासूम भाई-बहनों और उनकी मां की बेरहमी से हत्या कर दी थी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल होने के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान आरोपी की मौत हो गई.
ADVERTISEMENT
कैसे हुआ एनकाउंटर?
4 मई 2026 की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी आमिर सुरारी अफजलपुर इलाके से मोटरसाइकिल से भागने की फिराक में है. अकबरपुर पुलिस और स्वात (SWAT) टीम ने जॉइंट ऑपरेशन चलाकर उसे रोकने की कोशिश की. पकड़े जाने के डर से आरोपी ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें दो कांस्टेबल घायल हो गए. पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी आमिर को गोली लगी. उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
क्या था पूरा मामला?
यह सनसनीखेज मामला अंबेडकर नगर के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मुरादाबाद गांव का है. पुलिस को गांव के एक घर से चार मासूम बच्चों के शव बरामद हुए थे. ये चारों आपस में सगे भाई-बहन थे. घटना के बाद बच्चों की मां गायब थी, जिसकी तलाश के दौरान घर से लगभग 100 मीटर दूर एक नाले में उसका शव मिला. जांच में सामने आया कि मृतिका का पति लगभग एक साल से सऊदी अरब में था और वहां उसने दूसरी शादी कर ली थी. महिला अपने चार बच्चों के साथ यहां अकेले रह रही थी.
पुलिस जांच के अनुसार, महिला के अकेले रहने के दौरान आरोपी आमिर से उसकी नजदीकियां बढ़ गई थीं. आमिर महिला से शादी करके उसकी प्रॉपर्टी हड़पना चाहता था. जब वह अपनी साजिश में नाकाम रहा, तो उसने पहले चारों मासूम बच्चों को मौत के घाट उतारा और फिर महिला की भी हत्या कर दी. आरोपी आमिर का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. वह पहले भी हत्या और दुराचार के मामले में जेल जा चुका था.
ADVERTISEMENT









