UP News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में सोशल मीडिया के लिए रील बनाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जिसमें एक बच्चे की मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए. घटना कांशीराम आवासीय कॉलोनी की है, जहां शनिवार को पांच बच्चे पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गए. इसी दौरान टंकी की सीढ़ी अचानक टूट गई, जिससे सिद्धार्थ, शनि और गोलू नीचे गिर गए, जबकि पवन और कल्लू ऊपर ही फंस गए. ऊपर से गिरने से सिद्धार्थ की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई, वहीं शनि और गोलू को इलाज के लिए माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है.
ADVERTISEMENT
IAF ने 15 मिनट में बचाया
सीढ़ी क्षतिग्रस्त होने के कारण ऊपर फंसे दोनों बच्चों के पास नीचे उतरने का कोई रास्ता नहीं था और वे करीब 16 घंटे तक टंकी पर ही फंसे रहे. रात में गोरखपुर से नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (NDRF) की टीम मौके पर पहुंची लेकिन टंकी तक पहुंचने के लिए सड़क न होने के कारण उनकी लिफ्ट काम नहीं कर सकी और रेस्क्यू ऑपरेशन सफल नहीं हो पाया. जिसके बाद जिला प्रशासन ने राज्य सरकार से मदद मांगी, जिसके बाद भारतीय वायुसेना ने गोरखपुर स्थित सेंट्रल एयर कमांड से Mi-17 V5 हेलीकॉप्टर को रेस्क्यू मिशन के लिए रवाना किया. रविवार सुबह करीब 5:20 बजे हेलीकॉप्टर मौके पर पहुंचा और वायुसेना के जवानों ने मात्र 15 मिनट में दोनों बच्चों को सुरक्षित नीचे उतार लिया.
रेस्क्यू के बाद गोरखपुर में मेडिकल जांच हुई
रेस्क्यू के बाद दोनों बच्चों को हेलीकॉप्टर से गोरखपुर ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल चेकअप कराया गया. इससे पहले प्रशासन ने रात में टंकी तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्ता बनाने की कोशिश की थी और करीब 3 बजे तक सड़क निर्माण लगभग पूरा भी हो गया था, लेकिन अचानक बारिश शुरू होने से काम रुक गया. इसके बाद हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू का फैसला लिया गया. पूरे अभियान के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस बल और अन्य एजेंसियां मौके पर मौजूद रहीं और लगातार हालात पर नजर बनाए रखी.
(सिद्धार्थनगर से शिवानी शर्मा का इनपुट)
ADVERTISEMENT









