Attack on Saleem Wastik: गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह चर्चित यूट्यूबर और टीवी पैनलिस्ट सलीम वास्तिक पर उनके कार्यालय में घुसकर जानलेवा हमला किया गया. बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने सलीम पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए और मौके से फरार हो गए. फिलहाल सलीम दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में एडमिट कराया गया है. हमले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं. सलीम के बेटे ने इस हमले के पीछे साजिश का आरोप लगाते हुए स्थानीय नेताओं सहित 5 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है.
ADVERTISEMENT
कार्यालय में घुसकर चाकू से किया गया हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह दो बाइक सवार बदमाश हेलमेट पहनकर सलीम वास्तिक के कार्यालय पहुंचे. बदमाशों ने अंदर घुसते ही सलीम की गर्दन और पेट पर चाकुओं से हमला कर दिया. हमले के बाद वे तुरंत फरार हो गए. गंभीर रूप से घायल सलीम को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया.
बेटे ने दर्ज कराया FIR
सलीम वास्तिक के बेटे उस्मान ने इस हमले को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. उस्मान की शिकायत पर पुलिस ने भाटी बिल्डर, AIMIM नेता अजगर, अशरफ, शाहरुख और सोनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. उस्मान का आरोप है कि इन लोगों की सलीम के साथ पुरानी रंजिश थी या उनके बयानों से ये लोग खफा थे.
आज होगा पेट का ऑपरेशन
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, सलीम वास्तिक की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है. उनके गले के गहरे घाव का सफल ऑपरेशन कर दिया गया है.लेकिन पेट में लगी गंभीर चोटों के कारण आज उनका एक और बड़ा ऑपरेशन होना है. डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
कौन हैं सलीम वास्तिक
सलीम वास्तिक सोशल मीडिया पर एक जाना-माना चेहरा हैं. वे अक्सर मुस्लिम धर्म की कुछ परंपराओं पर सवाल उठाते रहते हैं जिसके कारण उन्हें कई बार धमकियां भी मिल चुकी हैं. टीवी डिबेट्स में भी वे एक पैनलिस्ट के रूप में नजर आते हैं.हिंदू संगठनों का एक बड़ा तबका उनका समर्थन करता रहा है.यही वजह है कि इस हमले को उनके बयानों और विचारधारा से जोड़कर देखा जा रहा है.लोनी थाना पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके.इलाके में तनाव को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है और सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्टों पर भी नजर रखी जा रही है.
ये भी पढ़ें: चर्चा में: रिंकू सिंह के पिता के अंतिम संस्कार में क्यों नहीं पहुंची उनकी मंगेतर प्रिया सरोज, अब सामने आई ये वजह
ADVERTISEMENT









