'इंसाफ नहीं मिला तो...' अंकित बालियान की पत्नी और बहन ने सीएम योगी को दी चेतावनी!

यूपी तक

• 06:24 PM • 28 Aug 2026

शामली में हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या के बाद परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जल्द इंसाफ की मांग की है. अंकित की पत्नी स्वाति और बहन रीना ने आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

UP Tak
Google CTA

शामली में हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान हत्याकांड के बाद परिवार का गुस्सा और दर्द अब खुलकर सामने आ गया है. अंकित की पत्नी स्वाति और बहन रीना ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जल्द इंसाफ की मांग की है. दोनों का कहना है कि अगर आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई जल्द नहीं हुई तो परिवार लखनऊ जाकर सीएम योगी के सामने अपनी फरियाद रखेगा.

यह भी पढ़ें...

अंकित की पत्नी ने इससे भी आगे बढ़कर बेहद गंभीर चेतावनी दी है. उनका कहना है कि अगर मुख्यमंत्री के सामने भी उनकी सुनवाई नहीं हुई तो परिवार आत्मदाह या जहर खाकर जान देने जैसा कदम उठा सकता है. परिवार के इस बयान के बाद पुलिस-प्रशासन के सामने मामले को लेकर दबाव और बढ़ गया है.

'अंकित ही परिवार का सहारा था'

अंकित की पत्नी स्वाति कैमरे के सामने भावुक नजर आईं. उन्होंने कहा कि हत्या को कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है. उनका कहना है कि अंकित ही परिवार का मुख्य सहारा था.

स्वाति के मुताबिक, परिवार में बूढ़े माता-पिता, बेरोजगार भाई और दूसरी जिम्मेदारियां थीं, जिन्हें अंकित संभालता था. उसकी मौत के बाद पूरा परिवार खुद को बेसहारा महसूस कर रहा है. इसी वजह से पत्नी अब सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगा रही हैं.

'बीच बाजार में गोलियां चलीं, पुलिस कहां थी?'

अंकित के परिवार ने शामली पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं. परिवार का आरोप है कि अंकित पर दिनदहाड़े बाजार के बीच कई राउंड गोलियां चलाई गईं और हमलावर वारदात के बाद फरार हो गए.

परिजनों का सवाल है कि जब घटनास्थल के आसपास पुलिस की मौजूदगी रहती है तो बदमाश वारदात को अंजाम देकर आसानी से कैसे निकल गए? परिवार का कहना है कि अगर पुलिस समय पर मौके पर पहुंचती तो आरोपियों को पकड़ा जा सकता था.

बहन बोली- आरोपियों पर हो कड़ी कार्रवाई

अंकित की बहन रीना ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की अपील की है. उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. परिवार चाहता है कि जिन लोगों ने अंकित की हत्या की, उन्हें ऐसी सजा मिले जिससे भविष्य में कोई अपराधी इस तरह की वारदात करने से पहले सोचे.

रीना ने यह भी कहा कि अगर पुलिस आरोपियों के खिलाफ एनकाउंटर जैसी कार्रवाई करती है तो परिवार को इसकी जानकारी दी जाए. उनका कहना है कि इससे परिवार को न्याय मिलने का एहसास होगा.

अब लखनऊ जाने की तैयारी, प्रशासन पर बढ़ा दबाव

अंकित की पत्नी और बहन के बयानों के बाद अब परिवार की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर है. परिजन जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई चाहते हैं.

वहीं, मुख्यमंत्री के सामने आत्मदाह या जहर खाकर जान देने जैसी चेतावनी बेहद गंभीर है. ऐसे में प्रशासन के सामने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुनने की चुनौती है. अंकित हत्याकांड में परिवार अब लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने की बात कह रहा है. ऐसे में देखना होगा कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर आगे क्या कदम उठाती है.

अंकित बालियान हत्याकांड का CCTV आया सामने, 30 सेकेंड में जो हुआ वो दहला देगा!