उत्तर प्रदेश के शामली जिले में हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की सरेआम हुई हत्या के मामले में हर बीतते घंटे के साथ सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं. जिम से वर्कआउट कर बाहर निकलते ही बदमाशों ने अंकित पर गोलियों की बौछार कर दी.इस खौफनाक वारदात का आंखों देखा मंजर अब जिम मालिक रवि शर्मा ने बयां किया है. वहीं हत्या के बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर जमकर हंगामा किया जहां मां अपने कलेजे के टुकड़े के शव को गोद में लेकर बिलखती नजर आई. इस खूनी वारदात के बाद अब उत्तर प्रदेश का सियासी पारा भी चढ़ गया है.
ADVERTISEMENT
जिम मालिक की जुबानी... 20 मीटर की दूरी और 20 राउंड गोलियां
वारदात वाली जगह स्थित जिम के मालिक रवि शर्मा ने पूरे घटनाक्रम की खौफनाक तस्वीर बयां की है. रवि के मुताबिक बंटीखेड़ा गांव के रहने वाले अंकित बालियान पिछले 8-9 महीनों से लगातार उनके जिम में आ रहे थे. बुधवार को भी वह शाम करीब 4:00 बजे जिम पहुंचे थे.
करीब ढाई घंटे वर्कआउट करने के बाद शाम पौने सात बजे जैसे ही अंकित बाहर निकले जिम से महज 20 मीटर दूर खड़ी अपनी गाड़ी में बैठने ही वाले थे कि पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने गोलियों की बौछार कर दी. 15 से 20 राउंड हुई अंधाधुंध फायरिंग की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा. मौके पर 18 कारतूस बिखरे पड़े मिले. गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया.
बेटे का शव गोद में लेकर सड़क पर बैठी मां
घटना की खबर फैलते ही सैकड़ों ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा.परिजनों और ग्रामीणों ने अंकित के शव को सड़क पर रखकर भीषण जाम लगा दिया और पुलिस गश्त की नाकामी पर तीखे सवाल उठाए.प्रदर्शन के दौरान अंकित की मां अपने बेटे के शव को गोद में लेकर सड़क पर बैठ गईं और बिलख-बिलख कर इंसाफ की गुहार लगाने लगीं. परिजनों ने साफ कहा कि जब तक कातिल पकड़े नहीं जाते तब तक अंतिम संस्कार नहीं होगा. हालांकि बाद में पुलिस अफसरों के समझाने पर जाम खुलवाया गया.
गोगी गैंग की एंट्री से गहराया गैंगवार का सस्पेंस
हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर हरियाणा की कुख्यात 'गोगी गैंग' से जुड़ी एक कथित पोस्ट सामने आने से हड़कंप मच गया है.पोस्ट में दावा किया गया कि अंकित गैंग के विरोधियों के संपर्क में था और उसने गोगी से जुड़ी घटना पर गाना बनाया था.हालांकि पुलिस इस वायरल पोस्ट की सत्यता की जांच कर रही है और गैंगवार, आपसी रंजिश व चुनावी रंजिश तमाम एंगल्स से छानबीन में जुटी है.
लॉ एंड ऑर्डर पर गरमाई राजनीति
अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर उत्तर प्रदेश में सियासत भी गरमा गई है.समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस सनसनीखेज वारदात को लेकर योगी सरकार की कानून व्यवस्था पर जोरदार निशाना साधा है. रालोद (RLD) समेत अन्य राजनीतिक दलों की बयानबाजी के बीच बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि आखिर अंकित की हत्या के पीछे की असली वजह क्या है, क्या महज एक गाना, कोई पुरानी चुनावी रंजिश या फिर अंतहीन गैंगवार?
ये भी पढ़ें: 'UP का जाट समाज आक्रोशित है...' अखिलेश यादव ने बताया सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद क्या मांग उठ रही?
ADVERTISEMENT











